जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को पंजाब के लुधियाना जिले के नानकपुरा जगीरा गांव से भ्रूण लिंग जांच करने वाले गिरोह को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। डिप्टी सीएमओ डॉ. अनामिका बिश्नोई और गायनी इंचार्ज डॉ. अनिता बंसल के नेतृत्व में टीम ने मौके से महिला दलाल और ऑपरेटर को 15 हजार रुपये सहित गिरफ्तार किया तथा उनके पास से लैपटॉप व अन्य उपकरण भी कब्जे में ले लिए। उनके खिलाफ पीएनडीटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई के बाद टीम द्वारा लुधियाना स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया गया, जिसके बाद वहां की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। स्वास्थ्य टीम फिलहाल आरोपियों के द्वारा पूर्व में की गई भ्रूण लिंग जांच का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है, जिसके आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
यह है मामला
डिप्टी सीएमओ अनामिका बिश्नोई ने बताया कि उन्हें पंजाब के लुधियाना में किसी गिरोह द्वारा भ्रूण लिंग जांच करने के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इसकेेे बाद इसकी सूचना हिसार सिविल सर्जन को दी, जिसके बाद टीम का गठन किया गया। फिर एक गर्भवती महिला को भ्रूण लिंग जांच कराने के लिए भेजा गया। महिला दलाल और उसका ऑपरेटर गर्भवती को भ्रूण लिंग जांच करने के लिए अंदर ले गए, जिसके बाद टीम ने पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार अंदर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
पहले भी की थी कार्रवाई, हो गए थे फरार
प्रशासन की आंखों में धूल झोंक कर लुधियाना-संगरूर बॉर्डर पर ग्रामीण क्षेत्र में आरोपी दलाल महिला अपने एक ऑपरेटर के साथ मिलकर अपने घर में ही भ्रूण लिंग जांच का यह धंधा चला रही थी। इससे पहले भी इस बारे में सूचना मिली थी और कार्रवाई करने के लिए मौके पर गई पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों फरार हो गए थे।
लुधियाना में किसी गिरोह द्वारा भ्रूण लिंग जांच करने की सूचना मिलने पर मैं और डॉ. अनिता बंसल मौके पर गई थीं। वहां पर भ्रूण लिंग जांच करते हुए महिला और ऑपरेटर को 15 हजार रुपये लेते काबू किया।
- डॉ. अनामिका बिश्नोई, डिप्टी सीएमओ, हिसार।
लुधियाना में भ्रूण लिंग जांच करने की सूचना पर हमारी तरफ से डिप्टी सीएमओ डॉ. अनामिका बिश्नोई और डॉ. अनिता बंसल को कार्रवाई के लिए भेजा गया था। उस दौरान एक महिला और ऑपरेटर को रंगे हाथ पकड़ा गया है।
डॉ. रत्ना भारती, सिविल सर्जन, हिसार।