जिंदल पुल के नीचे स्थित बीबीएमबी पावर हाउस से विद्युत नगर 33 केवी सब स्टेशन के बीच बिछी लाइन में फॉल्ट आने से चार घंटे तक बिजली गुल रही।
दोपहर 3 बजे अचानक आए तकनीकी फॉल्ट को ढूंढने के लिए कर्मचारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। डीएचबीवीएन के संबंधित जेई अन्य कर्मचारियों के साथ लाइन में फॉल्ट ढूंढते रहे।
वहीं शाम होते ही दो सेक्टरों सहित कई इलाकों में अंधेरा छा गया। चार घंटे बाद शाम करीब 7 बजे बिजली सप्लाई बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
ये इलाके रहे प्रभावित
बिजली सप्लाई बाधित होने से जिंदल चौक, टावर एंक्लेव, दयानंद कॉलोनी, डीसी, एमसी कॉलोनी, डाबड़ा चौक के अलावा सेक्टर 13 व अर्बन एस्टेट टू आदि इलाके प्रभावित हुए।
जेई रघुबीर सिंह ने बताया कि बीबीएमबी पावर हाउस से विद्युत नगर 33 केवी सब स्टेशन की ओर जाने वाली लाइन में अचानक कोई फॉल्ट आ गया था।
काफी देर ढूंढने पर भी फॉल्ट नहीं मिला। काफी देर बाद पाई गई तकनीकी समस्या को ठीक करने के बाद संबंधित इलाकों की बिजली सप्लाई बहाल करवा दी गई।