बरवाला। चंडीगढ़ मार्ग पर सोमवार रात हादसे में पिता समेत तीन बेटियों की मौत के मामले में पुलिस ने मंगलवार को मृतक के पिता भजनलाल के बयान पर पिकअप चालक के खिलाफ प्राथमिकी कर ली है। वहीं हादसे में घायल मृतक की पत्नी आरती की हालत नाजुक बनी है। वह अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रही है।
मंगलवार को जांच अधिकारी के देरी से पहुंचे के कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शाम चार बजे के बाद शुरू हो सकी। शाम 5 बजे बाद मुकेश व उसकी बेटी नीतू व दिव्या का पोस्टमार्टम हिसार नागरिक अस्पताल में किया गया। सबसे छोटी बेटी डेढ़ साल की दीक्षा का पोस्टमार्टम अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में किया गया। देर शाम करीब छह बजे गांव में तीनों बच्चियों का अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद पिता का अंतिम संस्कार किया गया।
जांच अधिकारी ने बताया कि सोमवार रात ढाणी मोहब्बतपुर निवासी 30 वर्षीय मुकेश अपनी पत्नी आरती, 6 वर्षीय बेटी नीतू, 4 वर्षीय दिव्या और डेढ़ वर्षीय दीक्षा के साथ प्रभुवाला मार्ग से बरवाला की ओर जा रहा था। गांव गैबीपुर के पास उनकी बाइक को सामने से पिकअप गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें बरवाला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मुकेश और नीतू व दिव्या को मृत घोषित कर दिया। वहीं दीक्षा को अग्रोहा रेफर किया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। आरती का उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।