हिसार। गांव न्योली कलां के पास बुधवार सुबह ट्रेन से कट कर स्वागत कॉलोनी के रहने वाले 18 वर्षीय रोबिन ने जान दे दी। सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रैक के पास मिली बाइक की मदद से मृतक की पहचान हो सकी। इसके बाद परिजन नागरिक अस्पताल पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि सुबह किसी बात पर रोबिन की अपने पिता से कहासुनी और हाथापाई हो गई थी। इसके बाद वह घर से निकल गया था। पुलिस ने परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
राजकीय रेलवे पुलिस के अनुसार स्वागत कॉलोनी निवासी रोबिन नौवीं कक्षा में पढ़ता था। पढ़ाई के साथ-साथ वह सैलून पर काम सीख रहा था। परिजनों ने बताया कि बरवाला में रहने वाली रोबिन की मौसी कुछ दिन से बीमार चल रही है।
रोबिन ने मौसी के पास जाने की बात घर पर कही। इस पर उसके पिता रघुबीर ने एक-दो दिन के बाद जाने को कहा तो वह तैश में आ गया। उसने झगड़ा किया तो दोनों के बीच हाथापाई हो गई। थोड़ी देर बाद रोबिन अपने मामा की बाइक लेकर घर से निकल गया। करीब 10 बजे राजकीय रेलवे पुलिस ने फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।