उकलाना (हिसार)। क्षेत्र के एक गांव के युवक ने गांव की ही नवविवाहिता के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। बदनामी के कारण नवविवाहिता के पिता ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव निवासी योगेश ने बताया कि दो माह पहले उसकी बहन गांव के ही एक युवक के साथ चली गई थी। अगले दिन वह वापस आ गई। इसके बाद युवक उसकी बहन के नाम पर सोशल मीडिया पर अकाउंट बनाकर उसकी फोटो वायरल करने लगा। उन्होंने आरोपी युवक को समझाया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद 23 अगस्त को उसकी बहन की शादी एक अन्य युवक के साथ कर दी गई। शादी के बाद भी आरोपी बहन के फोटो वायरल करता रहा। एक दिन उक्त युवक ने फोटो उसके जीजा के मोबाइल पर भेज दिए। इससे परेशान होकर सात सितंबर की रात करीब 10 बजे उसके पिता ने जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें निजी अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से गांव में शोक छाया है। कई लोगों ने परिजनों को सांत्वना दी।