हांसी गांव चानौत में जारी धरना। ग्रामीण
हांसी। गांव चानौत में शहर के लिए आने वाली भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन में कनेक्शन जोड़ने के साथ ही पांच बुजुर्गों का चल रहा आमरण अनशन रविवार को समाप्त हो गया। हालांकि धरना 37वें दिन भी जारी रहा। धरना कमेटी का कहना है कि मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद धरना समाप्त होगा। धरना कमेटी को मुख्यमंत्री के बुलावे का इंतजार है।
अनशन पर बैठे बुजुर्गों की तबीयत लगातार बिगड़ने से सरकार के लिए मामला पेचीदा होता जा रहा था। ग्रामीण इसी मांग पर अड़ेे हुए थे कि शहर के लिए जाने वाली भाखड़ा पाइपलाइन से टी-कनेक्शन लगाकर ही उन्हें पानी दिया जाएगा।
धरनास्थल पर पहुंचकर गांव घिकाड़ा (चरखी दादरी) निवासी सरपंच एसोसिएशन के पूर्व प्रधान सोमेश कुमार ने धरना कमेटी से बातचीत की और बताया कि सरकार ने आपकी बात मान ली है। साथ ही गांव में पाइपलाइन से टी-कनेक्शन लगवाने का काम भी शुरू करवा दिया। इसके बाद, धरना स्थल पर खुशी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने थाली व तालियां बजाकर जीत का जश्न मनाया। उन्होंने ही देर रात को जूस पिलाकर पांचों बुजुर्गों का आमरण अनशन समाप्त करवाया।