कुलपति प्रो. बीआर कांबोज के साथ कंपनी प्रतिनिधि व अधिकारी। स्रोत संस्थान
हिसार। किसानों की उपज और आय बढ़ाने के लिए चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) ने दाना मटर की दो उन्नत किस्मों के उत्पादन और बिक्री का रास्ता खोल दिया है। विश्वविद्यालय ने एचएफपी-1426 और एचएफपी-1709 किस्मों के लिए असम की निजी कंपनी मैजेस्टिक इम्पेक्स, गुवाहाटी के साथ समझौता किया है। इन किस्मों की खासियत अधिक उत्पादन क्षमता, रोग प्रतिरोधकता और कम समय में पककर तैयार होना है।
कुलपति प्रो. बलदेव राज कांबोज ने कहा कि उन्नत किस्मों के बीजों की बुवाई से किसानों की उत्पादकता और आय में वृद्धि होगी। विश्वविद्यालय की विकसित किस्मों के बीजों की देशभर में बढ़ती मांग के चलते निजी कंपनियां भी इनके उत्पादन और बिक्री में रुचि दिखा रही हैं। समझौता ज्ञापन पर कंपनी की ओर से एग्जीक्यूटिव मेंबर नीरज अग्रवाल और विश्वविद्यालय की ओर से अनुसंधान निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग ने हस्ताक्षर किए।
122 दिन में तैयार होगी एचएफपी-1426
अनुसंधान निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग ने बताया कि एचएफपी-1426 उत्तर-पूर्वी मैदानी क्षेत्र के लिए विकसित अधिक उपज देने वाली किस्म है। यह 120 से 122 दिनों में पककर तैयार हो जाती है। इसके पौधों की ऊंचाई लगभग 62 सेंटीमीटर है। इससे फसल के गिरने की आशंका कम रहती है। यह रोगों और फलियों के चटकने के प्रति प्रतिरोधी है। रबी मौसम में सामान्य समय पर बुवाई और सिंचित परिस्थितियों में अनुशंसित कृषि पद्धतियों के तहत इसकी खेती की जा सकती है। इसकी औसत उपज 17 से 18 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है। वहीं, अधिकतम उपज क्षमता 28 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक है।
मांग में देशभर में पहले स्थान पर एचएफपी-1709
मानव संसाधन प्रबंधन निदेशक डॉ. नरेश कौशिक ने बताया कि एचएफपी-1709 ने विमोचन के पहले वर्ष में ही किसानों के बीच लोकप्रियता हासिल की है। रबी 2026-27 के राष्ट्रीय डीएसी-बीएसपी बीज मांग-पत्र (इंडेंट) में 133.88 क्विंटल मांग के साथ इस किस्म ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह किस्म 112 से 115 दिनों में पककर तैयार हो जाती है। पौधों की ऊंचाई 53 से 63 सेंटीमीटर होने के कारण फसल गिरने की आशंका कम रहती है। यह भी रोग प्रतिरोधी और फलियों के चटकने से सुरक्षित है। इसकी औसत उपज लगभग 17 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है, जबकि अधिकतम संभावित उपज 30 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक है।