हिसार। मुआवजे की मांग को लेकर पिछले 11 दिनों से बालसमंद उपतहसील पर बैठे किसान अब आरपार की लड़ाई के मूड में आ गए हैं। प्रशासन की बेरुखी से क्षुब्ध किसानों ने 26 मई को लघु सचिवालय पर किसान महापंचायत करने का एलान किया है। महापंचायत में विभिन्न किसान, कर्मचारी, मजदूर, व्यापारी व सामाजिक संगठनों के साथ साथ खाप पंचायतों को आमंत्रित किया गया है। इस महापंचायत में आगामी आंदोलन को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी।
वहीं, बालसमंद तहसील पर धरना व क्रमिक अनशन 11वें दिन भी जारी रहा। धरने की अध्यक्षता पितरूमल नंबरदार बुड़ाक व विजय पाल कड़वासरा ने संयुक्त रूप से की। वहीं, बिमला, शांति, प्रेमा, संतरों, राजवंती ने क्रमिक अनशन पर बैठते हुए अपना विरोध जताया। धरने को कांग्रेसी नेता अनिल मान ने अपना समर्थन दिया। इस मौके पर प्रधान सुरेंद्र आर्य, मास्टर सतबीर गढवाल, जगदीश पूर्व सरपंच, विजय भांभू, कुलदीप पूनिया, पुनीत गोरछी, प्रवीन पूनिया, करण सिंह महला, तेलुराम पूर्व सरपंच, दलबीर सैनी बालसमंद, राजेश लौरा, अन्नू सूश, जगदीश कस्वां, पप्पू धानक आदि मौजूद रहे।