हिसार में लघु सचिवालय के बाहर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते किसान।
हिसार। एमएसपी गारंटी कानून व अन्य मांगाें को लेकर आमरण अनशन कर रहे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के 100 दिन पूरे होने पर संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्यों ने बुधवार को धरना दिया। किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। एमएसपी गारंटी कानून लागू करने की मांग की।
किसानों ने हिसार लघु सचिवालय तथा नारनौंद उपमंडल कार्यालय के बाहर सुबह 9 बजे से सांकेतिक धरना अनशन शुरू किया। किसानों ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के साथ किए गए समझौते के अनुसार तुरंत प्रभाव से एमएसपी कानून को लागू करे। आमरण अनशन के 100 दिन पूरे होने पर किसानों ने एकदिवसीय सांकेतिक अनशन किया है।
प्रदर्शनकारी किसानों ने कहा जब तक मांग पूरी नहीं होगी तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सुबह 9 बजे से 5 बजे तक सांकेतिक अनशन पर बैठे और सरकार से मांग की कि आंदोलनकारी किसानों की मांगों को तुरंत पूरा किया जाए। एमएसपी गारंटी कानून जल्द से जल्द लागू करके जगजीत सिंह डल्लेवाल का आमरण अनशन समाप्त करवाया जाए।
इस अवसर पर किसान नेता सूरजभान डाया, हर्षदीप गिल, मांगेराम भाकर, जयपाल सिंधू, राजपाल रापड़िया, कृष्ण सिंह पाली, प्रेम खरड़, प्रशांत, संजीव भोजराज, मनोज कड़वासरा, जगदीप सांगवान, राजेश किरमारा, विजय जागलान आदि उपस्थित रहे।