नारनौंद। विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान मजदूर यूनियन के सदस्य वीरवार को हिसार के क्रांतिमान पार्क से बहादुरगढ़ तक पैदल यात्रा शुरू करेंगे। सुबह 10 बजे शुरू होने वाली यह यात्रा हरियाणा संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में 26 नवंबर को टिकरी बॉर्डर पर होने वाले कार्यक्रम की कड़ी होगी।
यूनियन अध्यक्ष सुरेश कोथ ने बुधवार को एक निजी भवन में पत्रकारों वार्ता में कहा कि दिल्ली की सीमाओं पर चले किसान आंदोलन के दौरान करीब 750 किसानों ने जान गंवाई थी। उनकी स्मृति में उचित स्थान पर शहीद किसान स्मारक बनाने की मांग को लेकर यह यात्रा निकाली जा रही है। 26 नवंबर को आंदोलन की शुरुआत के छह वर्ष पूरे होने पर विभिन्न किसान संगठन बहादुरगढ़ में एकत्रित होकर पैदल मार्च करते हुए टिकरी बॉर्डर पहुंचेंगे। यहीं तीन कृषि कानूनों के विरोध में लंबे समय तक धरना दिया गया था। उन्होंने कहा कि एमएसपी पर फसलों की खरीद की कानूनी गारंटी सहित कई मांगें अब भी लंबित हैं।
चीनी महंगी, फिर भी गन्ने का भाव कम
कोथ ने कहा कि खाद, बीज, दवाइयों, डीजल और मजदूरी की लागत लगातार बढ़ रही है। इसके बावजूद गन्ना किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल रहा। बाजार में चीनी के दाम बढ़ने के बावजूद किसानों को लाभ नहीं मिल रहा है। सरकार ने मौजूदा पेराई सत्र के लिए गन्ने का भाव 430 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है जबकि किसानों की मांग इसे बढ़ाकर 600 रुपये करने की है। उन्होंने सरकार से लागत को ध्यान में रखते हुए लाभकारी मूल्य निर्धारित करने की मांग की।