बालसमंद। क्षेत्र के 19 गांवों के किसानों ने वीरवार को सब तहसील परिसर का घेराव कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। किसानों ने 2020 का मुआवजा, खरीफ 2021 की गिरदावरी रिपोर्ट दुरुस्त करवाने और तहसीलदार सहित पूरे स्टाफ के तबादले की मांग उठाई। किसान वीरवार सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक धरने पर बैठे। इस दौरान सब तहसील के मुख्य गेट पर मांगें पूरी न होने तक ताला लगाकर रोजाना धरना प्रदर्शन का एलान किया।
प्रदेश सरकार ने खरीफ फसलों का मुआवजा राशि जारी किया है जिसमें बालसमंद सब तहसील का शून्य बीमा जारी किया है। जबकि इसी क्षेत्र में बीमा कंपनी ने बीमा क्लेम राशि जारी की है। सरकार द्वारा किए गए भेदभाव से निराश किसानों ने तहसील के सामने नारेबाजी की। सुरेंद्र आर्य ने बताया कि प्रदेश सरकार ने पिछले दो वर्षों से क्षेत्र में कोई मुआवजा नहीं दिया है। इस मौके पर मास्टर सतबीर गढ़वाल, सुरेंद्र आर्य, संदीप धीरणवास, पूर्व सरपंच जगदीश, सतबीर झाझड़िया, राजेश लौरा, जगदीश, पृथ्वी धायल, पूर्व सरपंच जगदीश पूनिया, अनिल गोरछी, शमशेर, प्रदीप, कृष्ण, जगदीश जांगड़ा मौजूद रहे।
14 पटवारियों, एक कानूनगो और नायब तहसीलदार की मांगा तबादला
सब तहसील बालसमंद के अंडर आने वाले 19 गांवों की फसल गिरदावरी रिपोर्ट तहसील परिसर के अधिकारियों ने भेजी है। मास्टर सतबीर गढ़वाल ने बताया कि किसानों के साथ तहसील परिसर के 14 पटवारियों, एक कानूनगो और नायब तहसीलदार ने सरकार को गलत रिपोर्ट भेजी है। किसानों की मांग है कि सब तहसील बालसमंद के सभी स्टाफ का तबादला किया जाए।
बिजली बैकअप न होने पर आमजन परेशान
बालसमंद सब तहसील में बिजली जाने के बाद आमजन के कार्य करने के लिए बालसमंद सब तहसील में बैकअप की कोई सुविधा नहीं है। इस तहसील में पूरे सप्ताह में दो ही दिन कार्य होते हैं उन्हीं दो दिनों में बिजली के इंतजार में आमजन को कई घंटों तक इंतजार करना पड़ता है।
धरने पर बैठे किसान पर हमला, एक नामजद सहित पांच पर मामला दर्ज
बालसमंद सब तहसील के सामने धरने पर बैठे धीरणवास निवासी किसान संदीप पर एक गाड़ी में सवार होकर आए कुछ युवकों नरे हमला कर दिया। पुलिस की मौजूदगी होने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। किसानों ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए बालसमंद पुलिस चौकी के घेराव की तैयारियां की तो मौके पर पहुंचे डीएसपी अभिमन्यु ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तार का आश्वासन दिया। बालसमंद पुलिस चौकी जांच अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि संदीप पर हुए हमले के मामले में साहित्य सहित पांच युवकों पर मामला दर्ज किया गया है।