हांसी। किसान को खेतों में काम करने के लिए मजदूर देने के नाम पर 18 हजार रुपये की ठगी की है। किसान ने फेसबुक पर विज्ञापन देख कर मजदूरों को खेत में काम करने के लिए किराये पर बुलाया था। इसके लिए 15 हजार रुपये एडवांस लिए गए और काम करने भी नहीं आए। इसके बाद पीड़ित को अपने साथ ठगी होने का अंदेशा हुओ तो पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव सिंधवा-खास निवासी नरवीर सिंह ने बताया कि उसका फेसबुक अकाउंट है। खेती व किसान सहायता केंद्र के नाम के एक अकाउंट पर लिखा था कि अगर आपको खेतों में काम करने के लिए मजदूरों की जरूरत है, तो दिए गए नंबर पर संपर्क करें। इसके बाद नरवीर सिंह ने उस नंबर पर फोन किया और उनसे बात की। नरवीर सिंह ने उनको कहा कि उसे 20 मजदूरों की जरूरत है। 20 मजदूरों को उसके खेतों में सरसों व गेंहू की कटाई करने की बात पक्की हो गई। उसे बताया गया कि सभी मजदूर सुबह निकलेंगे। अगली सुबह उस व्यक्ति ने नरवीर सिंह के पास फोन कर कहा कि हम बस स्टैंड पर हैं और आने के लिए किराया नहीं है और 20 लोगों का किराया भेजने के लिए कहा। नरवीर सिंह ने कहा कि उसने एडवांस पैसे नहीं दे सकता, आप यहां आकर ले लेना। इसके बाद उस व्यक्ति ने किसी दूसरे व्यक्ति से नरवीर सिंह की वीडियो कॉल पर बात करवाई और दिखाया कि उनकी दूसरी लेबर खेतों में काम कर रही है।
उसने कहा कि आप इनको किराए के लिए पैसे भेज दो। इसके बाद नरवीर सिंह ने उनको 15 हजार के करीब रुपये भेज दिए। शाम को नरवीर के पास फिर से फोन आया कि वे हांसी से कुछ ही दूरी हैं। उसने कहा कि वो एक होटल पर खाना खाने के लिए रुके हैं। उसने किसान से मजदूरों को खाना खिलाने के लिए पैसे मांगे। इसके बाद नरवीर सिंह ने उनको 3 हजार रुपये और डलवा दिए। नरवीर सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह उनको फिर से फोन आया कि दो हजार रुपये और डलवा दीजिए। इसके बाद वे उनके पास पहुंच जाएंगे। नरवीर सिंह सोमवार को एसपी ऑफिस पहुंचा और अपने साथ हुए साइबर फ्रॉड की जानकारी दी।