हिसार। जिले के चिड़ौद गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में किसान सुरेंद्र पर जानलेवा हमला कर उसकी दोनों टांगें तोड़ दी गईं। हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। आजाद नगर थाना पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस को दिए बयान में 32 वर्षीय सुरेंद्र ने बताया कि उसकी भाभी सुमन, भाई नरेंद्र और चार-पांच अन्य लोगों ने रात करीब एक बजे घर के आंगन में उस पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया। उसके शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गए। अंधेरा होने के कारण वह केवल सुमन और नरेंद्र को पहचान सका। अन्य आरोपियों ने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। परिजनों ने घायल सुरेंद्र को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया।
सुरेंद्र ने बताया कि जमीन के बंटवारे को लेकर उसकी भाभी सुमन से विवाद चल रहा है। आजाद नगर थाने के जांच अधिकारी कपिल देव ने बताया कि मामले में दो नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।