नागरिक अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर के एक हिस्से में बदबू फैलने लगी है। थिएटर के अंदर लगी एचवीएसी प्रणाली (हीटिंग, वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग) खराब हो गई है। जिस कारण बदबू फैल रही है। ऐसे में मरीजों में संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। जिसके चलते नेत्र रोग विशेषज्ञ ने आंखों के ऑपरेशन करने बंद कर दिए हैं। वहीं तीन दिन गुजर जाने के बाद भी आंखों के ऑपरेशन के लिए सामान उपलब्ध नहीं हो पाया है। नेत्र रोग विशेषज्ञ ने इस बारे में लिखित में पीएमओ को शिकायत दी है। अगर, एचवीएसी प्रणाली को ठीक नहीं करवाया गया तो सोमवार से पूरे ऑपरेशन थिएटर में बदबू फैल जाएगी और किसी प्रकार के ऑपरेशन नहीं हो पाएंगे।
थिएटर को कई दिनों तक बंद करने की नौबत भी आ सकती है। जब तक इसे कीटाणु रहित नहीं किया जाएगा तब तक ऑपरेशन नहीं हो सकेंगे। संवाद
पूरा सामान नहीं और फैल रही बदबू
नागरिक अस्पताल की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सरगम ने बताया कि ऑपरेशन थिएटर में तीन दिन से आंखों के ऑपरेशन करने का सामान नहीं है। ऐसे में आंखों के ऑपरेशन नहीं हो पा रहे हैं। इसके अलावा अब ऑपरेशन थिएटर के एक हिस्से में एचवीएसी प्रणाली खराब होने के कारण बदबू फैल रही है। थिएटर के अंदर घुसा तक नहीं जा रहा है। अगर, सामान मिल भी जाता है तो भी मरीजों के ऑपरेशन नहीं किए जा सकते। क्योंकि ऐसे हालत में मरीजों के ऑपरेशन करेंगे तो संक्रमण फैलने का 100 प्रतिशत खतरा होता है। ऐसे में मरीजों की आंखें ठीक होने के बजाय बिगड़ भी सकती हैं। इस बारे में पीएमओ को लिखित में शिकायत दी जा चुकी है। उसके बाद भी कोई हल नहीं हो रहा।
हफ्ते में चार दिन होते हैं आंखों के ऑपरेशन
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सरगम ने बताया कि अस्पताल परिसर में एक नेत्र रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति है। ऐसे में सप्ताह में चार दिन ऑपरेशन होते हैं। एक दिन में 10 से 12 ऑपरेशन ही हो पाते हैं। जब ऑपरेशन में ड्यूटी होती है तो हांसी की नेत्र रोग विशेषज्ञ को ओपीडी में मरीजों की जांच के लिए बुलाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन थियेटर में एचवीएसी प्रणाली को ठीक करने में पता नहीं कितना समय लगेगा। पहले इसे ठीक किया जाएगा फिर उसे कीटाणु मुक्त करने के लिए दवा का छिड़काव किया जाएगा। ऐसे में मरीजों को ऑपरेशन के लिए एक महीने की आगामी तारीख दी जा रही है।