हिसार। निजी बसों के संचालक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। पास होने के बावजूद बेटियों से रुपये वसूले जा रहे है। ऐसा ही मामला शुक्रवार को रोडवेज के एसएस कार्यालय में पहुंचा। कार्यालय में बैठे अधिकारियों ने कहा कि इस बारे में वह आरटीए में शिकायत दें। अब बेटियां सोमवार को आरटीए में अधिकारियों से मुलाकात करेगी।
छात्रा महक, भावना, पायल, सुमन ने बताया कि शुक्रवार को वे नरवाना से फ्रांसी तक आने वाली बस में कोथकलां से सवार हुई थीं और खेड़ी उतरीं। मगर बस के परिचालक ने उनसे 10-10 रुपये किराया लिया। इस पर छात्राओं ने कहा कि उनके पास जीरो बैलेंस का पास बना हुआ है। फिर क्यों किराया मांग रहे हो। इस पर परिचालक ने कहा कि पहले आप लिखवाकर लाओ। उसके बाद बेटियां बरवाला से हिसार आने वाली बस में सवार हुईं और बस स्टैंड पहुंची। फिर बेटियों ने निजी बस परिचालक के खिलाफ एसएस को शिकायत दी। मगर एसएस ने उन्हें आरटीए कार्यालय में जाने की बात कही।
-
कई बार दुर्व्यवहार की आ चुकी शिकायतें
निजी बसों के चालक-परिचालक के खिलाफ पहले भी कई बार शिकायतें आ चुकी हैं। कभी बेटियाें को बीच रास्ते में उतार दिया जाता है तो कभी उनके साथ दुर्व्यवहार करते हैं। कभी बस तक नहीं रोकते है। मगर इन चालक और परिचालक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती है।
-
आरटीए की ओर से सभी निजी बस संचालकों को आदेश दिए हुए हैं कि किसी भी छात्रा से किराया न वसूला जाएं। यदि हमारे पास कोई शिकायत आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- सतीश कुमार, ट्रांसपोर्ट इंस्पेक्टर, आरटीए।