हिसार। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत जिले में मतदाता सत्यापन अभियान तेजी से चल रहा है। अब तक 88.56 प्रतिशत मतदाताओं तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं जबकि 33,456 मतदाता फॉर्म भरकर जमा करा चुके हैं। इन सभी आवेदनों को डिजिटल रूप से अपलोड भी कर दिया गया है। कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने सातों विधानसभा क्षेत्रों में 49 सहायक चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति की है।
जिले के 1,333 बीएलओ ने 13,70,766 मतदाताओं में से 12,13,920 मतदाताओं तक फॉर्म वितरित कर दिए हैं। शेष लगभग 12 प्रतिशत मतदाताओं तक पहुंचने के लिए बीएलओ दोबारा और तीसरी बार भी संपर्क करेंगे। मोबाइल एप पर फॉर्म अपलोड करने में अधिक समय लगने के कारण पंचायत स्तर के कंप्यूटर ऑपरेटरों को भी इस कार्य में सहयोग के लिए लगाया गया है।
सोमवार को जिला निर्वाचन कार्यालय में ई-फॉर्म डिजिटाइजेशन और एईआरओ पोर्टल पर फॉर्म अपलोड करने संबंधी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बीएलओ द्वारा भरे गए फॉर्म एप के माध्यम से डिजिटाइज किए जाएंगे, जिसके बाद एईआरओ और ईआरओ पोर्टल पर उनकी जांच, स्वीकृति एवं आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया पूरी होगी। इससे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बरवाला एसडीएम अश्वीर नैन, डीआरओ श्याम लाल, डीडीपीओ नरेंद्र, निर्वाचन तहसीलदार जगदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
किस विधानसभा में कितना हुआ काम
विधानसभा बीएलओ कुल मतदाता
फॉर्म वितरित
प्रतिशत
फॉर्म अपलोड
आदमपुर
180
1,79,415
1,44,397 80.48% 1,268
उकलाना
204
2,15,620
1,90,254 88.24% 7,020
नारनौंद
221
2,14,257
2,02,734 94.62% 6,121
हांसी
205
2,02,464
1,74,920 86.40% 5,302
बरवाला
179
1,91,561
1,86,836 97.53% 7,689
हिसार
162
1,86,415
1,50,906 80.95% 3,618
नलवा
182
1,81,034
1,63,873 90.52% 2,438
कुल
1,333
13,70,766
12,13,920 88.56% 33,456
तीन बार घर पहुंचेगा बीएलओ
प्रत्येक मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ तीन बार घर-घर जाएगा। पहली बार अनुपस्थिति की स्थिति में नोटिस चस्पा किया जाएगा। दूसरी बार भी कोई नहीं मिलने पर अंतिम नोटिस छोड़ा जाएगा। तीसरी बार भी मतदाता नहीं मिलने पर पड़ोसियों से जानकारी लेकर रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड की जाएगी।
मृत मतदाता का नाम हटाने के लिए शपथ पत्र भी मान्य
यदि किसी मतदाता की मृत्यु हो चुकी है तो नाम हटाने के लिए मृत्यु प्रमाण पत्र देना होगा। प्रमाण पत्र उपलब्ध न होने की स्थिति में परिजनों से शपथ पत्र लेकर भी नाम विलोपित किया जा सकेगा।
14 जुलाई तक चलेगा पहला चरण
15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन और फॉर्म भरवाने का कार्य करेंगे। 21 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इस पर 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर 22 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का पहला चरण 14 जुलाई तक चलेगा। सभी 1,333 बीएलओ प्रत्येक मतदाता तक पहुंचकर एन्यूमरेशन फॉर्म भरवा रहे हैं। अब तक 88 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं को फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं और लगभग 34 हजार फॉर्म डिजिटाइज भी किए जा चुके हैं। - जगदीप सिंह, निर्वाचन तहसीलदार, हिसार।