हिसार। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अब सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक हिसार शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने बताया कि इसके लिए रूट डायवर्जन भी लागू कर दिया गया है।
तोशाम व राजगढ़ से आने वाले भारी वाहन दिल्ली, सिरसा और चंडीगढ़ की दिशा में जाने के लिए साउथ बाईपास का ही उपयोग करेंगे। इसी तरह दिल्ली व हांसी की ओर से आने वाले वाहन राजगढ़ व तोशाम दिशा में जाने के लिए साउथ बाईपास से गुजरेंगे। चंडीगढ़, कैथल व सिरसा की ओर से आने वाले वाहनों को राजगढ़ व तोशाम की ओर जाते समय बगला रोड होते हुए साउथ बाईपास से जाने के निर्देश दिए गए हैं। शहर में भारी सामान की लोडिंग-अनलोडिंग केवल रात 10 बजे के बाद ही की जा सकेगी। आदेश की अवहेलना पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।