महिला का सैंपल लेते चिकित्सक डॉ. कोपल सिंह और उनकी टीम।
- फोटो : Hisar
जिले में बुधवार को एक तरफ लगातार तीसरे दिन 38 वर्षीय युवक सहित दो लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। वहीं, 100 से अधिक कोरोना केस भी मिले हैं। मृत युवक उकलाना के गांधी कॉलोनी का रहने वाला था जबकि दूसरा मृतक 57 वर्षीय तलवंडी राणा गांव निवासी था। दोनों ही मरीज गंभीर थे और एक वेंटिलेटर पर व दूसरा ऑक्सीजन पर था। इनको मिलाकर जिले में कोरोना से मरने वाले लोगों की मौत की संख्या का आंकड़ा 96 पर जा पहुंचा है।
बुधवार शाम को आई रिपोर्ट में 105 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनको मिलाकर जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या का आंकड़ा 7702 हो गया है। फिलहाल जिले में 901 एक्टिव मरीज हैं। अब तक 6701 लोग कोरोना से ठीक होकर घर लौट चुके हैं, मगर अब अधिक केस मिले हैं तो कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों का रिकवरी रेट घट गया है, जो 87.00 हो गया है। विभाग की तरफ से सभी संक्रमित मरीजों की हिस्ट्री जुटाई जा रही है।