महिला हाथ पर चोट के निशान दिखती हुई।
- फोटो : 1
हिसार। पुत्रवधू पर टॉर्चर करने और दो दिन तक बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाते हुए शहर के ग्लोबल स्पेस निवासी एक बुजुर्ग महिला मंगलवार को परिजनों के साथ जिला नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में इलाज के लिए पहुंची। महिला ने देहरादून में रहने वाली अपनी बहू पर मारपीट, प्रताड़ना और साजिश के गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि एचटीएम थाना पुलिस ईश्वर सिंह का कहना है कि इस संबंध में अभी तक उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है।
महिला संतोष ने बताया कि वह एक निजी स्कूल में अध्यापन कार्य कर चुकी हैं। उनका बेटा अंकित दिव्यांग है और अपने परिवार के साथ देहरादून में रहता है। संतोष के अनुसार, वह 25 दिसंबर को बेटे की देखभाल के लिए देहरादून गई थीं। वहां पहुंचने के बाद उनकी पुत्रवधू आंचल ने उनका करीब एक करोड़ रुपये का बीमा करवाया।
संतोष का आरोप है कि बीमा करवाने के बाद बहू उनके खाने में ऐसी चीजें देने लगी, जिससे उनका शुगर और ब्लड प्रेशर बढ़ जाए और तबीयत बिगड़ जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बहू उनके साथ मारपीट करती थी और हाथ व गर्दन समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर दांतों से काटती थी। महिला का कहना है कि उन्हें दो दिन तक घर में बंधक बनाकर रखा गया। किसी तरह परिजनों को सूचना मिलने पर उन्हें वहां से छुड़वाया गया, जिसके बाद वह हिसार लौट आईं। हिसार पहुंचकर उन्होंने अपने पति और बेटे को पूरी घटना की जानकारी दी। उधर, एचटीएम थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।