कैमरी में घर में तोड़फोड़ में क्षतिग्रस्त स्कूटी।
हिसार। कैमरी गांव में रविवार दोपहर 70 वर्षीय जगदीश की ईंट मारकर हत्या कर दी गई। बुजुर्ग घर के आगे फेरीवाले को पिटते देखकर उसे बचाने गए थे। आरोपी ने घर में घुसकर तोड़फोड़ भी की। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मृतक के बेटों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। शव को नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जहां सोमवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
आजाद नगर थाना प्रभारी दलबीर सिंह के मुताबिक गांव निवासी विजय ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे उनके पिता जगदीश घर पर ही थे। गली में सूट बेचने के लिए एक फेरीवाला आया। इसी दौरान गांव का ही पवन उर्फ बबन वहां आया और फेरीवाले को पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर पिता घर से बाहर आए और फेरीवाले को बचाने का प्रयास किया तो पवन ने उन पर ईंट से हमला कर दिया। ईंट सीधे उनके सीने पर लगी और वे बेहोश होकर जमीन पर गिर गए। उन्हें जिला नागरिक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
आरोपी ने घर में घुसकर की तोड़फोड़
बुजुर्ग जगदीश की पुत्रवधू पिंकी ने बताया कि जब परिजन उसके ससुर को अस्पताल ले गए थे तो पवन उर्फ बबन ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की। स्कूटी को भी तोड़ डाला व सामान इधर-उधर फेंक दिया। घर में मौजूद सास व उस पर भी हमला किया। भय के मारे उसने और बेटी मनीषा ने छिपकर जान बचाई। इसी बीच आरोपी का बड़ा भाई पहुंचा और उसे पकड़कर अपने घर ले गया। विजय ने बताया कि जब वे नागरिक अस्पताल में थे तो आरोपी अपने पिता व अन्य के साथ वहां भी पहुंच गया और उसके व भाई राजेश के साथ मारपीट की। सूचना पर तत्काल पुलिस पहुंची और पवन को हिरासत में ले लिया। उसके साथ आए अन्य लोग भाग निकले।
कुई खोदाई के लिए हुआ था झगड़ा
पिंकी ने बताया कि आरोपी आपराधिक प्रवृति का है। उसके व्यवहार की वजह से कई पड़ोसियों से झगड़ा हो चुका है। कुछ दिन पहले गली में कुई खोदाई को लेकर आरोपी ने उनसे झगड़ा किया था। हालांकि बाद में समझौता हो गया। इसी रंजिश में आरोपी ने उसके ससुर पर हमला कर जान ले ली।
पुलिस अपने साथ ले गई डीवीआर
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस जिस सीसीटीवी कैमरे में आरोपी द्वारा की गई वारदात कैद हुई है, उसकी डीवीआर अपने साथ ले गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी का पहले भी कई बार गांव के लोगों से झगड़ा हो चुका है। उसने मंजीत नाम के लड़के का सिर तक फोड़ दिया था।
कैमरी में घर में तोड़फोड़ में क्षतिग्रस्त स्कूटी।