हिसार। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को पटरी पर लाने और सफाई कार्यों की निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। निगम जल्द ही अनुबंधित आधार पर आठ नए अतिरिक्त सफाई निरीक्षकों (एएसआई) की नियुक्ति करने जा रहा है।
इस फैसले से शहर के विभिन्न वार्डों में चल रहे सफाई कार्यों की मॉनिटरिंग मजबूत होगी और आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान हो सकेगा। वर्तमान में नगर निगम के पास एएसआई के कुल 17 पद स्वीकृत हैं लेकिन पर्याप्त स्टाफ न होने के कारण मौजूदा निरीक्षकों पर काम का भारी दबाव बना हुआ है।
इस समय एक अतिरिक्त सफाई निरीक्षक के जिम्मे तीन से वार्डों की सफाई व्यवस्था की देखरेख है। क्षेत्र बड़ा होने और संसाधनों की कमी के चलते कई बार सभी वार्डों में नियमित निरीक्षण संभव नहीं हो पाता था, जिसका सीधा असर शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ रहा था।
एक वार्ड की निगरानी एक एएसआई को सौंपी जा सकेगी
आठ नए एएसआई की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद नगर निगम के पास पर्याप्त संख्या में निरीक्षक उपलब्ध हो जाएंगे। इसके बाद नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक वार्ड की जिम्मेदारी एक-एक एएसआई को सौंपी जा सकेगी। एक वार्ड-एक निरीक्षक की इस नीति से जवाबदेही तय करना आसान होगा। संबंधित अधिकारी अपने-अपने वार्ड में सफाई कर्मचारियों की हाजिरी, डोर-टू-डोर कचरा उठान, नालों की सफाई और कचरा प्वाइंट्स के समय पर निस्तारण पर सीधी नजर रख सकेंगे।
-
कॉमर्शियल एरिया व सेक्टरों में सड़कों की सफाई बदहाल
शहर के कई इलाकों से लंबे समय से कचरा न उठने और गलियों में गंदगी जमा रहने की शिकायतें मिल रही हैं। पार्षदों और स्थानीय निवासियों द्वारा भी कई बार सफाई व्यवस्था की निगरानी बढ़ाने की मांग उठाई गई थी। कॉमर्शियल एरिया और सेक्टरों में सड़कों की सफाई व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। निगम अधिकारियों का मानना है कि निरीक्षकों की संख्या बढ़ने से फील्ड में काम करने वाले सफाई कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में सुधार आएगा और लापरवाही बरतने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी।
अभी यह है स्वच्छता शाखा में पदों की स्थिति
सीएसआई - 1
एसआई - 2
एएसआई - 9
-
नगर निगम प्रशासन की ओर से आठ नए एएसआई रखने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इससे स्वच्छता संबंधी कार्यों की निगरानी और प्रभावी हो सकेगी।
- डॉ. प्रदीप हुड्डा, अतिरिक्त निगम आयुक्त, नगर निगम।