गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों मेें रोजगार कौशल बढ़ाने के लिए हर महीने एप्टीट्यूड टेस्ट होगा। इससे विद्यार्थियों में ऑनलाइन एप्टीट्यूड टेस्ट देने का भी अभ्यास होगा, जो आमतौर पर सभी बड़ी कंपनियां लेती हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को नौकरी के वक्त बड़ी कंपनियों में एप्टीट्यूड टेस्ट देने में कोई परेशानी नहीं आएगी। मंथली कॉमिट्यूड कंपीटिशन के तहत यह टेस्ट विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से आयोजित किए जाएंगे। ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट निदेशक प्रताप सिंह मलिक के अनुसार विश्वविद्यालय के सभी विभागों के विद्यार्थी इन टेस्ट में भाग ले सकेंगे।
कम्यूनिकेशन सुधारने के लिए ऑन द स्पॉट भाषण प्रतियोगिता
विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न कंपनियों में कम्यूनिकेशन में अधिक दिक्कत आती है। ऐसे में उनके कम्यूनिकेशन को सुधारने के लिए हर माह भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों को ऑन द स्पॉट टॉपिक दिया जाएगा और उस विषय पर अंग्रेजी भाषा में ढाई से तीन मिनट तक बोलना होगा। ऑन द स्पॉट दिए जाने वाले टॉपिक में से एक आसान, एक सामान्य और एक मुश्किल होगा। जिनके क्रमश: 5, 10 और 15 अंक होंगे। इस अभ्यास से विद्यार्थियों में भाषाई ज्ञान के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। यह टेस्ट 15 अक्तूबर को दोपहर दो बजे होगा।
60 अंकों का होगा एप्टीट्यूटड टेस्ट
विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी प्रताप सिंह मलिक ने बताया कि प्लेसमेंट सेल में रजिस्ट्रेशन करवाने वाले विद्यार्थियों के दो ग्रुप बनाए गए हैं। पहला ग्रुप जूनियर का है, जिसमें सभी विभागों के प्रथम और द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। वहीं, सीनियर ग्रुप में तृतीय और चतूर्थ वर्ष के विद्यार्थियों को रखा गया है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की ऑनलाइन परीक्षा 60 मिनट की होगी और उसमें 60 सवाल होंगे। इस माह इस परीक्षा का आयोजन 15 अक्तूबर को सुबह साढ़े 9 बजे से साढ़े 11 बजे तक किया जाएगा।
विद्यार्थियों में रोजगार कौशल बढ़ाने के लिए हमने पिछले वर्ष यह प्रयोग किया था, जो सफल रहा था। ऐसे में इस सेशन में हम हर महीने यह टेस्ट करवाएंगे ताकि हमारा विद्यार्थी जब नौकरी के लिए जाए तो वो किसी भाषा, आत्मविश्वास और एप्टीट्यूट टेस्ट आदि के दौरान पीछे न रहे।
प्रताप सिंह मलिक, निदेशक, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल, गुजवि।