फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: हांसी में कैंडल मार्च के दौरान सीएम के खिलाफ अपशब्द बोल हवाई फायरिंग, गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
हांसी (हिसार)। भिवानी की शिक्षिका मनीषा की मौत से खफा लोगों ने हांसी में सोमवार शाम को कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान आरोपी ने मुख्यमंत्री के खिलाफ अपशब्द बोल तीन बार हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। इस मामले में पुलिस ने भिवानी जिले के तोशाम क्षेत्र के पटौदी गांव निवासी सेवानिवृत्त फौजी शमशेर सहित दो के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी शमशेर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से हवाई फायरिंग की।
विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक सोमवार को पुराना कचहरी चौक के समीप युवकों ने कैंडल मार्च निकाला था। मार्च के दौरान शमशेर वहां से गुजर रहा था। मार्च देखकर वह रुक गया और वहां सभा को संबोधित करने लगा। फिर उसने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल हवा में लहराई। पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा का जिक्र किया।
फिर मुख्यमंत्री के खिलाफ अपशब्द बोले और कहा कि ये सभी नेता समझ जाएं, नहीं तो ऐसे फायर होंगे। इसके बाद लगातार हवा में तीन फायर किए। यह वीडियो सोमवार शाम को निकाले गए कैंडल मार्च की है, लेकिन इसे मंगलवार रात को सोशल मीडिया पर डाला गया। बुधवार सुबह वीडियो देखते ही पुलिस हरकत में आई, जिसके बाद सोशल मीडिया से पुलिस ने वीडियो को हटवाया। उसके बाद युवक की पहचान कर मामला दर्ज किया। वहीं, शमशेर दिल्ली की एक भवन निर्माण कंपनी में बतौर पीएसओ तैनात है। अभी हिसार में किराए के मकान में रहता है। पुलिस के अनुसार उसने नशे में हवाई फायर किए थे।
विज्ञापन

वहीं, सोनू कमांडो ने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर डाला था। सोनू के खिलाफ हत्या प्रयास, मारपीट व विभिन्न धाराओं के तहत करीब पांच मामले दर्ज हैं। फिलहाल सोनू जमानत पर है, लेकिन मामला दर्ज होने के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

शमशेर के दादा व पिता भी थे फौज में
गोली चलाने वाला व्यक्ति शमशेर मूल रूप से तोशाम क्षेत्र के गांव पटौदी का रहने वाला है। फिलहाल हिसार में रहता है। वह 17 साल भारतीय सेना में नौकरी कर चुका है। अभी वह एक सिक्योरिटी एजेंसी में बतौर सुरक्षाकर्मी नौकरी कर रहा है। उसके पिता आर्मी में हवलदार थे, जिनकी शमशेर के बचपन के दौरान ही मौत हो गई थी। शमशेर के दादा भी भारतीय सेना में सूबेदार रहे हैं। उसका एक भाई उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में नौकरी कर रहा है।
वर्जन
कैंडल मार्च में शामिल होकर हवाई फायर कर प्रशासन के खिलाफ अपशब्द कहने वाले आरोपी शमशेर को गिरफ्तार कर लिया है। उसे वीरवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उसने सोमवार को रात करीब 9 बजे जाट धर्मशाला के सामने कैंडल मार्च में शामिल होकर तैश में आकर हवाई फायर किए थे।- अमित यशवर्धन, पुलिस अधीक्षक, हांसी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें