हिसार। उत्तर पर्वतीय क्षेत्रों में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मानसून टर्फ के हरियाणा के गुजरने से आज से तीन दिन तक बारिश की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग ने 28 व 29 जुलाई को प्रदेश में भारी से अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर पंजाब पर एक चक्रवात बनने से राजस्थान से होकर गुजर रही मानसून टर्फ हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली पर आएगी। इसके असर से 28 से 30 जुलाई के दौरान पूर्वी व पश्चिमी हवाओं के मिलने से प्रदेश के उत्तरी पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर व कुरुक्षेत्र में अति भारी और पूर्वी जिलों करनाल, पानीपत व सोनीपत में मूसलाधार बारिश की संभावना है।
वहीं मध्यवर्ती और दक्षिणी जिलों रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह व पलवल में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर तेज बारिश जबकि पश्चिमी जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी व महेंद्रगढ़ में हल्की बारिश की संभावना बन रही है।
कुछ जिलों में हुई हल्की बारिश
उधर कई जिलों में नमी वाली हवाओं के पहुंचने से सोनीपत, नूंह, करनाल, महेंद्रगढ़ व हिसार जिलों में बिखराव वाली हल्की बारिश हुई। इस दौरान सोनीपत में सबसे ज्यादा 20.5 एमएम बारिश दर्ज की गई।