हिसार। चाकू से हमला कर युवक को घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के 5 घंटे के भीतर आरोपी ठंडी सड़क निवासी अनीश और सोनू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
थाना एचटीएम क्षेत्र की 12 क्वार्टर पुलिस चौकी टीम ने मुख्य सिपाही अजयदीप के नेतृत्व में कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 25 जुलाई की रात शिकायतकर्ता जितेंद्र खाना खाने के बाद अपनी डेयरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अनीश और सोनू ने उसका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि अनीश ने जितेंद्र को पकड़ लिया जबकि सोनू ने चाकू से उसकी दाहिनी जांघ पर वार कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए। घायल जितेंद्र को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में थाना एचटीएम में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर चाकू बरामद किया गया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां से आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी सोनू के खिलाफ हत्या, मारपीट, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित सात मामले दर्ज हैं। इनमें तीन हत्या के मामले पंजाब में दर्ज हैं जबकि अन्य मामले हरियाणा के हैं। अनीश के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट सहित छह प्राथमिकी दर्ज हैं।