नारनौंद। लोहारी राघो रोड पर बाइक के आगे अचानक नीलगाय आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में लगी चोट के कारण मोठ रांगड़ान निवासी अनिल कुमार की मौत हो गई व उनका भतीजा अजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। नारनौंद थाना पुलिस ने वीरवार को हांसी के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतक अनिल कुमार के भाई सुरेंद्र ने बताया कि बुधवार रात को उनका भाई अनिल और भतीजा अजीत दोनों बाइक पर सवार होकर सिसाय में अनिल के दोस्त के बेटे के जलवे के कार्यक्रम पर गए थे। वापस आते वक्त रात करीब 8 बजे जब वे लोहारी राघो रोड पर पहुुंचे तो अचानक से उनकी बाइक के आगे नील गाय आ गई। नील गाय से बचने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक पेड़ से जा टकराई। जिसके कारण दोनों को गंभीर चोट आई। राहगीर व स्थानीय लोगों की मदद से वे दोनों को हांसी के नागरिक अस्पताल में लेकर आए। जहां डॉक्टरों ने चेकअप करके अनिल को मृत घोषित कर दिया। अजीत के सिर, मुंह-पैर और छाती पर चोटें लगी हैं। जिसका इलाज चल रहा है।