हिसार। शहर के नजदीकी एक गांव में वीरवार देर रात करीब 11 बजे महिला समेत दो लोगों ने मां व बेटी से मारपीट की। आरोप है कि आरोपी चेतन व ज्ञानी गांव में चिट्टा (नशा) बेचने का काम करते हैं। पीड़िता की शिकायत पर सदर थाना हिसार पुलिस ने दो नामजद समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपियों की गिरफ्तार की मांग को लेकर शुक्रवार दोपहर को ग्रामीणों ने जिला लघु सचिवालय के बाहर प्रदर्शन किया और एसपी लोकेंद्र सिंह के नाम ज्ञापन सौंपा।
पीड़िता का कहना है कि वह 19 वर्षीय की है। वीरवार रात करीब साढ़े 11 बजे घर के बाहर शोर सुनाई दिया। इस पर वह अपनी मां के साथ बाहर निकली तो आरोपी चेतन व ज्ञानी गाली गलौज कर रहे थे। जब इसका विरोध किया तो उक्त लोगों ने जातिसूचक शब्द कहे और मारपीट की। इसके बाद पीड़िता की मां ने डायल 112 पर कॉल कर शिकायत दी। शिकायतकर्ता का कहना है कि पुलिस आने से पहले दोनों आरोपी व उनकी बहन लोहे की रॉड व अन्य तेजधार हथियार लेकर आए व दोबारा हमला किया। इस दौरान युवती, उसके भाई व मां को भी चोट आई है। घायलों को नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया है।