हिसार पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए वाणिज्यिक मात्रा में नशीली गोलियों की खेप बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक सेल हिसार की टीम ने साउथ बाईपास पर लाडवा मोड़ के नजदीक कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से 9,000 नशीली गोलियां बरामद की हैं। इन गोलियों का कुल वजन 1 किलो 152 ग्राम है और इनकी कीमत करीब 92 लाख 16 हजार रुपये है। पुलिस ने आरोपी से 1400 रुपये ड्रग मनी और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्की निवासी भिवानी के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के कड़े दिशा-निर्देशों में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक सेल हिसार में तैनात सहायक उप निरीक्षक शक्ति सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त एवं नशा तस्करी की रोकथाम के लिए जांच-पड़ताल कर रहे थे। इसी दौरान टीम बाईपास घोड़ा चौक पर मौजूद थी, जहां उन्हें गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए साउथ बाईपास पर लाडवा मोड़ के नजदीक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति को काबू कर लिया।
हरे और पीले रंग के थैले से बरामद हुईं 9,000 गोलियां
मोटरसाइकिल के दाईं ओर हैंडल पर टंगी टंकी पर रखे हरे और पीले रंग के थैले की तलाशी लेने पर उसमें से 9000 नशीली गोलियां बरामद हुईं। इन गोलियों का कुल वजन 1 किलो 152 ग्राम पाया गया। बरामद नशीली गोलियों की कीमत करीब 92 लाख 16 हजार रुपये है। इसके अतिरिक्त आरोपी के कब्जे से 1400 रुपये ड्रग मनी भी बरामद की गई तथा नशीली गोलियों की तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया।
पुलिस रिमांड पर लेकर खंगाला जाएगा नशा तस्करी का नेटवर्क
इस संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना अर्बन एस्टेट हिसार में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान नशीली गोलियों की खरीद के स्रोत, उनकी सप्लाई कहां की जानी थी तथा इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी। पुलिस का प्रयास है कि इस तस्करी के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क का पता लगाकर इसमें संलिप्त अन्य आरोपियों को भी कानून के शिकंजे में लाया जाए।