बालसमंद। जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में फर्जी ऑनलाइन निवेश घोटाले के आरोप में गिरफ्तार बालसमंद गांव के डॉ. एकांत योगदत उर्फ मार्फिन की जांच में 209 करोड़ रुपये के लेन-देन की पुष्टि हुई है। मार्फिन ने भारत में एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए परीक्षा दी थी, लेकिन कहीं दाखिला न होने के कारण कोरोना के बाद फिलीपींस में एमबीबीएस की पढ़ाई की।
इसी दौरान साइबर ठगी के तरीके सीखकर वह गिरोह का सरगना बना। मार्फिन बीते दिनों इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया था। नाम न छापने की शर्त पर ग्रामीणों ने बताया कि गांव में डॉक्टर ने अपने परिजनों संग मिलकर कुछ समय पूर्व ही 5 किलोग्राम चांदी की ईंटें खरीदी हैं। सोने के भी कुछ आभूषण खरीदे हैं। करीब 30 लाख रुपये का ग्वार खरीदा है। दुबई, चंडीगढ़ और दिल्ली में फ्लैट खरीदने के बारे में उसकी माता पड़ोस की महिलाओं को बताती थीं। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी डॉक्टर के पिता गांव में 50 एकड़ से अधिक जमीन की तलाश में थे लेकिन आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद उन्होंने जमीन की तलाश बंद कर दी है। वहीं, गांव के कुछ युवकों के आधार कार्ड और पैन कार्ड भी डाॅक्टर ने लिए हैं। इनका दुरुपयोग भी ठगी के लिए होने की आशंका जताई गई है।
आरोपी के पिता पर भी चल रहा मामला : आरोपी के पिता ने नूंह में खान भी ठेके पर ली थी। सेंट्रल बैंक में फर्जी कागजात पर ऋण लेने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। लोगों की फर्जी जमीन दिखाकर ऋण लेने के आरोप में वर्ष 2020 में एफआईआर दर्ज हुई थी। इस मामले में उसे जमानत मिल चुकी है।