हांसी। त्योहारी सीजन में जिला पुलिस ने आमजन से साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने कहा कि खरीदारी करते समय सावधानी बरतें।
जारी गाइडलाइन में उन्होंने कहा कि सस्ते सामान, भारी छूट व आकर्षक ऑफर के लालच में आकर अपनी मेहनत की कमाई न गंवाएं। किसी भी ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसकी अच्छी तरह जांच कर लें।
साइबर ठग सोशल मीडिया, व्हाट्सएप और मोबाइल संदेशों के जरिए फर्जी ऑफर के लिंक भेजकर लोगों को अपने जाल में फंसा सकते हैं इसलिए अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ऑनलाइन खरीदारी के लिए केवल भरोसेमंद वेबसाइट या एप का ही इस्तेमाल करें। महंगा सामान बेहद कम कीमत पर देने के दावों से भी सतर्क रहें।
उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। ऑनलाइन भुगतान करने से पहले वेबसाइट और विक्रेता की विश्वसनीयता जांच लें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई ऐप डाउनलोड न करें।
ठगी होने पर हेल्पलाइन 1930 पर करें कॉल :
एसपी ने कहा कि थोड़ी सी सावधानी से साइबर ठगी से बचा जा सकता है। यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार होता है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं। इससे समय रहते कार्रवाई करने में मदद मिल सकती है। लोगों से अपील की कि त्योहारों की खुशियां सावधानी के साथ मनाएं और आकर्षक ऑफर देखकर जल्दबाजी में भुगतान न करें। जागरूकता ही ऑनलाइन ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।