हिसार। दिवाली पर होने वाले पटाखों के शोर से कुत्ते हिंसक हो रहे हैं। दो दिन में करीब 60 लोगों को कुत्तों ने काट लिया है। बढ़ती शिकायतों को देखते हुए अब लंबे इंतजार के बाद शहरवासियों को आवारा कुत्तों की समस्या से निजात मिलने जा रही है। वीरवार से एजेंसी आवारा कुत्तों का बधियाकरण व टीकाकरण का काम शुरू कर रही है। शहर के वार्ड 9 से इस अभियान की शुरुआत की जाएगी। संभावना है कि जल्द ही इस अभियान का असर दिखना शुरू हो जाएगा।
वर्ष 2022 के मई में नगर निगम ने पहली दफा कुत्तों के बधियाकरण के लिए टेंडर लगाया था। मगर निर्धारित संख्या से कम एजेंसी आने के कारण पहली दफा टेंडर सिरे नहीं चढ़ सका और दूसरी बार टेंडर लगाया था। मगर दूसरी बार भी टेंडर रद्द करना पड़ा। इसके बाद लगातार 8 बार टेंडर लगाकर एजेंसियों से आवेदन मांगे गए लेकिन हर बार एक शर्त बाधा बनती रही।
शर्त के अनुसार टेंडर उसी एजेंसी को अलॉट किया जाएगा, जो पशु कल्याण बोर्ड से पंजीकृत हो या फिर उसके पास बोर्ड की एनओसी हो। मगर निगम को ऐसी एजेंसी नहीं मिली तो इस शर्त को पूरा करती हो। आखिरकार 9वीं बार टेंडर लगाने पर जिस एजेंसी ने आवेदन किया, वह शर्त को पूरा करती थी। इस पर उस एजेंसी को नवंबर 2024 में टेंडर अलॉट कर दिया गया।
-
ऑपरेशन थिएटर बनाने से लेकर एनओसी लेने में लगा एक साल का समय
निगम ने पिछले साल नवंबर में एजेंसी को टेंडर अलॉट किया था। नियमानुसार एजेंसी को 60 दिन में भवन का इंतजाम करके ऑपरेशन थिएटर तैयार करना था। मगर एजेंसी ने इस कार्य में ही कई माह लगा दिए। इसके बाद एजेंसी ने एनओसी के लिए आवेदन करने में भी काफी समय लगा दिया था। एजेंसी ने अगस्त में पशु कल्याण बोर्ड के पोर्टल पर अनुमति के लिए आवेदन किया था और 17 अक्तूबर को एजेंसी को यह अनुमति मिली।
6 माह में करना होगा 5 हजार कुत्तों का टीकाकरण
टेंडर के अनुसार एजेंसी को 6 माह में 5 हजार कुत्तों का टीकाकरण व बधियाकरण करना होगा। एजेंसी एक कुत्ते के लिए निगम प्रशासन से 1400 रुपये लेगी। हालांकि एजेंसी ने इस कार्य के लिए प्रति कुत्ते के हिसाब से 1650 रुपये मांगे थे। एजेंसी जिस क्षेत्र से कुत्तों को पकड़कर ले जाएगी, टीकाकरण व बधियाकरण के बाद उसी क्षेत्र में वापस छोड़ना होगा।
शहर में 25 हजार आवारा कुत्ते
एक अनुमान के अनुसार किसी शहर में आवारा कुत्ते उस शहर की आबादी का 5 प्रतिशत होते हैं। हिसार शहर की जनसंख्या करीब 5 लाख है। इस हिसाब से शहर में करीब 25 हजार आवारा कुत्ते होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
हिसार शहर में आवारा कुत्तों का आतंक जारी
उधर शहर में आवारा कुत्तों का आतंक जारी है। पिछले कुछ दिनों से नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन कुत्तों के काटने के 60-70 केस (पहली से चौथी डोज) आ रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार आतिशबाजी के कारण कुत्ते हिंसक हो रहे हैं, जिस कारण वह लोगों पर हमला कर रहे हैं।
-
ये लोग आवारा कुत्तों के बने शिकार
मैं मंगलवार को शाम गली में खेल रहा था। अचानक पीछे एक कुत्ता आया और उसने मेरे पैर पर काट लिया। आज अस्पताल में रेबीज का टीका लगवाने आया हूं।
ऋषभ, निवासी, राजीव नगर।
मुझे 15 अक्तूबर को कुत्ते ने काट लिया था। आज अस्पताल में तीसरा टीका लगवाने आई हूं। इस घटना के बाद से कुत्तों से काफी डर लग रहा है।
सानिया, निवासी, चौथा मिल एरिया।
खेलते समय मुझ पर अचानक कुत्ते ने हमला कर दिया और मेरे पैर पर काट लिया। शहर में आवारा कुत्तों ने काफी आतंक मचा रखा है। आखिरकार कब इस समस्या का समाधान होगा।
ज्ञान कुमार, फार्म कॉलोनी, एचएयू।
चलते समय गलती से कुत्ते की पूछ पर मेरा पैर रखा गया। इस कारण से कुत्ते ने मुझे पैर का काट लिया। शहर में आवारा कुत्तों की आबादी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इनकी आबादी पर रोक लगानी चाहिए।
दीपक वर्मा, निवासी, शिव कॉलोनी।
कुत्तों के काटने के मामले
साल-संख्या
2012-4516
2013-9400
2014-7224
2015-9491
2016-8063
2017-10454
2018-11443
2019-14766
2020-2173
2021-1681
2022-4310
2023-6538
2024-6718
2025-6811
-
वीरवार से एजेंसी कुत्तों के बधियाकरण व टीकाकरण का काम शुरू कर देगी। वार्ड 9 में कुत्तों के काटने की ज्यादा शिकायतें आ रही हैं तो इस वार्ड से ही अभियान की शुरुआत की जाएगी।
- डॉ. प्रदीप हुड्डा, अतिरिक्त निगमायुक्त।