नागरिक अस्पताल में एसी खराब होने पर खिड़की खोली गई।
हिसार। जिला नागरिक अस्पताल में चिकित्सक ठंडी हवा का मजा ले रहे हैं जबकि मरीजों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों व उनके तीमारदारों के मुताबिक अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में मरीजों के लिए लगे एसी खराब पड़े हैं। इस उमस भरी गर्मी से बचने के लिए उन्हें खिड़कियों को खोलना पड़ रहा है।
जिला नागरिक अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में करीब 20 बेड की व्यवस्था है। गर्मी के लिए वार्ड में पंखे व एसी की व्यवस्था है। वार्ड में मरीजों के लिए दो एसी और चिकित्सकों के लिए एक एसी लगा हुआ है। कुछ दिनों से मरीजों के लिए लगे दोनों एसी बंद पड़े हैं जबकि चिकित्सकों के लिए लगा हुआ एसी बिल्कुल ठीक काम कर रहा है।
दोनों एसी न चलने से वार्ड में उमस की स्थिति बनी हुई है जिससे राहत के लिए स्टाफ ने सभी खिड़कियों को खोला हुआ है। हालांकि मरीजों व तीमारदारों को कोई राहत नहीं मिल रही है।