हिसार। हिसार-भिवानी रेल मार्ग पर वीरवार रात शिकारपुर निवासी ऑटो चलाकर धनसिंह (50) ने किसान एक्सप्रेस के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार वह कुछ समय से आर्थिक तंगी से परेशान था। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को पुलिस ने शव परिजनों के हवाले कर दिया। मामले में मृतक के छोटे भाई लीलूराम के बयान पर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।
जांच अधिकारी राधेश्याम के अनुसार, सूर्य नगर के पास हिसार-भिवानी रेलवे लाइन पर रात करीब नौ बजे यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंच गए थे। मृतक की पहचान के बाद परिजनों को सूचित किया गया। हादसे के कारण किसान एक्सप्रेस ट्रेन लगभग आधा घंटे तक रुकी रही।
लीलूराम ने बताया कि उनका भाई लंबे समय से हिसार के आदर्श नगर में रह रहा था। उसके चार बच्चे हैं—दो बेटियां और दो बेटे हैं। एक बेटी की शादी हो चुकी है। वह ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वीरवार को सुबह लगभग 11 बजे वह घर से ऑटो लेकर निकला था लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने उसकी काफी तलाश की। बाद में हादसे की सूचना मिली।