हांसी। जिले में कांग्रेस जिला अध्यक्ष के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक के रूप में हांसी पहुंचे उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू के सामने ही पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच कुर्सी को लेकर विवाद हो गया। लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित बैठक के दौरान विधानसभा चुनाव प्रत्याशी राहुल मक्कड़ को कुर्सी नहीं मिलने पर उनके समर्थकों ने हंगामा कर दिया।
बाद में नारनौंद हलके के विधायक जस्सी पेटवाड़ और हिसार ग्रामीण जिला अध्यक्ष बृजराज बहबलपुरिया ने स्थिति संभाली और मामला शांत कराया। राहुल मक्कड़ कुर्सी नहीं मिलने पर खड़े रहे। उनके समर्थकों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रत्याशी को कुर्सी नहीं दी गई जबकि जिलाध्यक्ष समेत अन्य नेता बैठे हैं।
माहौल गरमाने पर एक कार्यकर्ता ने अपनी कुर्सी खाली की और राहुल मक्कड़ को जिला अध्यक्ष के साथ बैठाया। इस दौरान पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष तेलूराम जांगड़ा और हरियाणा केशकला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष योगेंद्र योगी भी खड़े रहे।
अजय कुमार लल्लू ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत नए जिले में जिला अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया के लिए वे हांसी पहुंचे हैं। पार्टी की मंशा है कि जिला अध्यक्ष पारदर्शी छवि वाला ऐसा कार्यकर्ता बने जो जनता के बुनियादी सवालों को लेकर संघर्ष करे और कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ाए। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष किसी गुट या व्यक्ति विशेष का नहीं बल्कि कांग्रेस का कार्यकर्ता होना चाहिए।
छह नामों का पैनल भेजा जाएगा दिल्ली :
उन्होंने बताया कि जिला अध्यक्ष पद के लिए कम से कम पांच वर्ष पुराने कांग्रेस कार्यकर्ता आवेदन कर सकते हैं। यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवा दल, फ्रंटल संगठनों, प्रकोष्ठों, ब्लॉक अध्यक्ष, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष, पीसीसी या एआईसीसी सदस्य और वरिष्ठ नेता समेत पात्र कार्यकर्ता नामांकन कर सकते हैं। चयन के बाद छह नामों का पैनल दिल्ली भेजा जाएगा और अंतिम निर्णय राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे। संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी प्रक्रिया में शामिल होंगे।
कांग्रेस को राष्ट्रभक्ति का ज्ञान न दें : लल्लू
वंदे मातरम् विवाद पर लल्लू ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत नहीं रखने वाले लोग कांग्रेस को राष्ट्रभक्ति का ज्ञान न दें। पूर्व जिलाध्यक्ष बजरंग गर्ग के इस्तीफे पर उन्होंने कहा कि व्यापारी और कई सामाजिक संगठनों से जुड़े गर्ग ने विभिन्न जिम्मेदारियों के चलते अपनी इच्छा से इस्तीफा दिया है।