हिसार। रेलवे की तर्ज पर अब रूटों पर दौड़ रहीं रोडवेज बसों की पल-पल की खबर यात्रियों को एक क्लिक पर मिल सकेगी। यात्री मोबाइल में एक डिजिटल एप की मदद से पता लगा सकेंगे कि उनके गंतव्य पर कौन सी रोडवेज बस दौड़ रही हैं और किस प्वाइंट पर थमी हुई है। रोडवेज की ओर से डिजिटल एप तैयार किया जाएगा, इसका जिम्मा रोडवेज की ट्रैफिक व टेक्नीशियन विंग को सौंपा है। परिवहन मंत्री अनिल विज ने रोडवेज बसों में जीपीएस सिस्टम को दुरुस्त करने के भी आदेश दिए हैं।
रोडवेज अधिकारी ने बताया कि अधिकांश रोडवेज बसों में जीपीएस सिस्टम नहीं है। जिस कारण डिजिटल एप से हर बस का जुड़ना संभव नहीं है। इसलिए पहले रोडवेज बसों में जीपीएस सिस्टम लगाएं जाएंगे। इसके बाद ही रोडवेज बसों को डिजिटल एप से जोड़ा जा सकता है। डिजिटल एप से जीपीएस सिस्टम को जोड़ा जाएगा। रोडवेज बसों को डिजिटल एप से जोड़ने के लिए ट्रैफिक विंग तमाम बसों का रूट रोस्टर बनाकर मुख्यालय को सौंपेगी। जबकि टेक्नीशियन विंग रूट रोस्टर को डिजिटल एप में अपलोड कर उसे अपडेट करेगा। ट्रैफिक विंग से जुड़े अधिकारियों ने आने वाले दिनों में हर रोडवेज प्रबंधक की मीटिंग बुलाएगा, जिसमें डिजिटल एप से जुड़ी हर जानकारी दी जाएगी।
हिसार जिले में रोडवेज बसों की संख्या
हिसार डिपो - 183
हांसी सब-डिपो - 73
कुल योग - 256
परिवहन मंत्री अनिल विज ने बैठक में यात्रियों के सफर को आसान बनाने के लिए डिजिटल एप से बसों को जोड़ने के आदेश दिए हैं। ट्रैफिक विंग तमाम बसों का रूट रोस्टर बनाएगी। जबकि टेक्नीशियन विंग डिजिटल एप बनाकर उसमें रूट रोस्टर को अपलोड करेगी। डिजिटल एप से यात्रियों को अपने गंतव्य पर दौड़ रहीं रोडवेज बसों की पल-पल की जानकारी मिल सकेगी। - अरविंद, डिप्टी ट्रांसपोर्ट कंट्रोलर, परिवहन विभाग, चंडीगढ़