हिसार शहर की राजगढ़ रोड ग्रीन बेल्ट का सुंदरीकरण किया जाएगा, जिस पर करीब 2.62 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके तहत ग्रीन बेल्ट में नई ग्रिल, धौलपुर पत्थर, चहारदीवारी व हरियाली विकसित करने का काम किया जाएगा। नगर निगम की तरफ से इसे लेकर टेंडर भी लगा दिया गया है।
बता दें कि हाल ही में निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने निगमायुक्त प्रदीप दहिया सहित अन्य अधिकारियों के साथ ग्रीन बेल्ट का निरीक्षण किया था। इसके अलावा राजगढ़ रोड के दोनों तरफ 3-3 बस क्यू शेल्टर का निर्माण किया जाएगा। ये शेल्टर स्टील के होंगे। इसे लेकर निगम की तरफ से करीब 54.50 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है।
जल्द ही इस कार्य का टेंडर भी लगाया जाएगा। वहीं राजगढ़ रोड नाके के चौराहे पर लघु सचिवालय की तरफ रोड के दोनों ओर स्लिप रोड का निर्माण किया जाएगा। इस पर करीब 48 लाख रुपये खर्च आने का अनुमान है।
चूंकि जिस जमीन पर स्लिप रोड बनाया जाएगा, वह जमीन जनस्वास्थ्य विभाग व बीएंडआर की है। रोड के निर्माण के लिए इन दोनों विभागों से अनुमति ली जाएगी। अनुमति मिलने के बाद निगम की तरफ से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
राजगढ रोड़ ग्रीन बेल्ट के सुंदरीकरण से शहर की सुन्दरता की बढ़ेगी। ग्रीन बेल्ट की साफ-सफाई करवा दी गई है। - प्रदीप दहिया, आयुक्त, नगर निगम