हिसार। सिरसा के चौटाला गांव हाल हिसार पुलिस लाइन निवासी पुलिसकर्मी से मकान बेचने के नाम पर 7 लाख 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी सामने आई है। पुलिस कर्मी सुनील की शिकायत पर एचटीएम थाना पुलिस ने भारत नगर निवासी दिना उर्फ दिनेश, टिब्बा दानाशेर निवासी तनुज सैनी व हनुमान कॉलोनी निवासी कलावती के खिलाफ के दर्ज कर लिया है।
पीड़ित सुनील कुमार का कहना है कि अप्रैल माह में वह थाना मिलगेट हिसार में तैनात था। भारत नगर वासी दिना उर्फ दिनेश व टिब्बा दानाशेर निवासी तनुज सैनी ने उसको एक मकान बिकाऊ होने की बात कही। इसके बाद तनुज व दिनेश ने हनुमान कॉलोनी निवासी कलावती से मिलवाया। पुलिस कर्मचारी सुनील का कहना है कि 22 अगस्त 2012 कलावती के साथ 18 लाख रुपये में मकान का सौदा तय हुआ। कलावती ने इकरारनामा लिखित में किया। इसके बाद सुनील ने उन पर विश्वास करके चार लाख रुपये कलावती को नकद और 3 लाख रुपये कलावती के बैंक अकाउंट में जमा करवा दिए। सुनील का आरोप है कि दिना व तनुज ने कमीशन का बोलकर अलग से 20000 रुपये ले लिए। इसके बाद कलावती ने 30 हजार रुपये और लिए। सुनील का कहना है कि उसके बार-बार कहने के बाद भी आरोपियों ने मकान की एनओसी नहीं दी। कुछ दिन बाद उसको पता चला कि आरोपियों ने उसके साथ धोखाधड़ी की है और मकान पर पहले से लोन लिया हुआ है। कलावती ने उसको नकली रजिस्ट्री बनवाकर दी है। यह कॉलोनी भी एचएसवीपी विभाग द्वारा एक्वायर की हुई है। सुनील का कहना है कि उक्त आरोपियों ने मकान बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करके उससे 7 लाख 70 हजार रुपये हड़प लिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।