हिसार। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने लंबित हाईटेंशन (एचटी) औद्योगिक बिजली कनेक्शनों को जारी करने में राहत देने का फैसला किया है। अब कम मांग वाली अवधि (लीन पीरियड) में उपलब्ध पावर ट्रांसफॉर्मर की क्षमता के 90 प्रतिशत तक नए कनेक्शन तुरंत प्रभाव से स्वीकृत और जारी किए जा सकेंगे। इस संबंध में निगम के वाणिज्यिक मुख्य अभियंता कार्यालय ने अधिकारियों को सर्कुलर जारी किया है।
निगम के अनुसार, यह छूट उन्हीं मामलों में मिलेगी जिनमें सिस्टम संवर्धन, लोड शिफ्टिंग या नए बुनियादी ढांचे का निर्माण 31 मार्च 2027 तक पूरा होने की संभावना है। कनेक्शन की मंजूरी मौजूदा नियमों के तहत सक्षम प्राधिकारी देंगे। ट्रांसफॉर्मर पर लोड निर्धारित अनुमेय सीमा से अधिक नहीं होगा। उपभोक्ताओं को हलफनामा देना होगा कि जरूरत पड़ने पर वह सिस्टम को ओवरलोडिंग से बचाने के लिए अपना लोड आंशिक या पूरी तरह सीमित करेंगे।
प्रत्येक सब स्टेशन पर एचटी औद्योगिक कनेक्शनों की पारदर्शी वरिष्ठता सूची बनाई जाएगी। इसका लाभ नए औद्योगिक कनेक्शन लेने वालों के साथ स्वीकृत लोड बढ़ाने के लिए आवेदन करने वाले मौजूदा एचटी उपभोक्ताओं को भी मिलेगा। प्रत्येक आवेदक इस अवधि में केवल एक बार सुविधा का लाभ ले सकेगा। व्यावसायिक कॉलोनाइजर्स, बिल्डर्स और डेवलपर्स को योजना से बाहर रखा गया है।
एसडीओ करेंगे लोड की निगरानी
लीन पीरियड में जारी सभी एचटी कनेक्शनों के अधिकतम मांग संकेतक (एमडीआई) की निगरानी संबंधित उपमंडल अधिकारी (एसडीओ) करेंगे। प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ पीक लोड रिस्ट्रिक्शन उल्लंघन (पीआरएम) के नियमों के तहत कार्रवाई होगी।
रात में बिजली खपत पर मिलेगी रियायत
निगम ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए एचटी औद्योगिक, एचटी एनडीएस और बल्क सप्लाई उपभोक्ताओं के लिए नाइट टाइम कन्सेशनल टैरिफ भी लागू किया है। इसके तहत रात 10 बजे से सुबह 5:30 बजे तक ऑफ-पीक अवधि में 11 और 33 केवी उपभोक्ताओं को 4.25 रुपये प्रति केवीएएच तथा 66 केवी और इससे अधिक क्षमता वाले उपभोक्ताओं को 3.75 रुपये प्रति केवीएएच की दर से बिजली मिलेगी। यह रियायत पिछले वर्ष की तुलना में अतिरिक्त बिजली खपत पर ही लागू होगी। एफएसए, बिजली शुल्क, नगर निगम और पंचायत कर अलग से देय होंगे। शाम 6:30 से रात 10 बजे तक पीक आवर्स में सामान्य दरों के साथ पीएलईसी शुल्क लागू रहेगा। योजना का लाभ लेने के लिए स्मार्ट मीटर लगवाना अनिवार्य है।
:::::::::::::::लीन पीरियड कम मांग वाली अवधि को कहा जाता है। इस दौरान उपलब्ध पावर ट्रांसफॉर्मर की क्षमता के 90 प्रतिशत तक एचटी औद्योगिक कनेक्शन तत्काल प्रभाव से जारी किए जा सकेंगे। इस संबंध में निगम का पत्र प्राप्त हुआ है। -अविनाश यादव, एसई, हिसार सर्कल, डीएचबीवीएनएल