हांसी। मलिक अस्पताल के पास ढाबा चलाने वाली एक महिला से मारपीट करने पर पुलिस ने एक महिला सहित तीन के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस को दी शिकायत में साईं कॉलोनी निवासी उषा ने बताया कि वह व उसका जीजा अनूप सिंह हरियाणा ढाबा चलाते हैं। उनके एक तरफ श्याम ढाबा है,जिसको प्रेमनगर निवासी प्रवीन अपनी पत्नी के साथ मिलकर चलाता है व दूसरी तरफ महादेव ढाबा है, जिसे पिंकी सोनी अपने बेटे अमन के साथ मिलकर चलाती है। पिंकी अक्सर उनके साथ व अन्य पड़ोसियों के साथ गाली गलौज करती रहती है। रविवार सुबह पिंकी व प्रवीन उसे जातिसूचक गालियां देने लगे। कुछ ही देर बाद पवन व पिंकी का लड़का अमन वहां आए और उस पर बिंडे व ईंटों से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपियों पर एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। शहर थाना प्रभारी सदानंद वत्स ने बताया कि ढाबा संचालिका से मारपीट करने पर मामला दर्ज किया है। पड़ोसी ढाबा संचालकों ने मारपीट की है। छानबीन कर रहे हैं।
युवती ने लाइब्रेरी में घुसकर की तोड़फोड़, दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देकर मांगे 5 लाख रुपये
हांसी। मोची मोहल्ले में एक युवती ने लाइब्रेरी में घुसकर तोड़फोड़ की और लाइब्रेरी संचालक को दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने के धमकी देकर 5 लाख रुपये की मांग की। पुलिस ने युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सिसाय कालीरामन निवासी सुरेंद्र ने बताया कि वह मोची मोहल्ले में तीन वर्ष से लाइब्रेरी चला रहा है। शनिवार को सिसाय की निवासी रीतू उसकी लाइब्रेरी में जबरदस्ती आई और बिना किसी वजह के तोड़फोड़ करने लगी। पत्थर मारकर एलईडी, लेपटॉप और एसी, पंखा तोड़ दिया। इसकी सीसीटीवी फुटेज उसके पास है। आरोप है कि रीतू ने सोशल मीडिया पर एक अकाउंट बनाया और उसकी फोटो लगाकर परेशान किया। बाद में सोशल मीडिया पर मैसेज कर पांच लाख रुपये की मांग की और मना करने पर दुष्कर्म के झूठे केस में फंसवाने की धमकी दी। इससे पहले पिछले साल अक्तूबर में भी रीतू ने लाइब्रेरी में तोड़फोड़ की थी। इसके साथ ही वहां बैठे बच्चों के साथ मारपीट की, जिसकी शिकायत बस स्टैंड पुलिस चौकी में दी। बाद में दोनों के परिवार वालों व समाज के कहने पर आपस में समझौता कर लिया। शहर थाना प्रभारी सदानंद वत्स ने बताया कि लाइब्रेरी में तोड़फोड करने पर संचालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। दुष्कर्म में फंसाने के आरोपों की जांच की जा रही है।