हुडा ने ऐसे अलॉटियों के खिलाफ कार्रवाई करने का फैसला किया है, जो गाड़ियां और फर्श आदि धोने में पानी की बर्बादी करते हैं। विभाग के मुताबिक ऐसे अलॉटियों को अब बख्शा नहीं जाएगा।
अगर कोई अलॉटी पानी की बर्बादी करते हुए मिलता है तो उस पर जुर्माना लगाया जाएगा। यहीं नहीं अगर जुर्माना लगाने के बाद भी वह व्यक्ति व्यर्थ में पानी बहाते हुए मिलता है तो उसका पानी का कनेक्शन भी काट दिया जाएगा। इसके अलावा जो अलॉटी पानी कनेक्शन पर सीधे मोटर चलाते हैं, उनके खिलाफ भी विभाग कार्रवाई करेगा।
हुडा के मुताबिक पानी की बर्बादी करने वालों पर पहली बार पांच हजार रुपये तक जुर्माना किया जा सकता है। दोबारा ऐसा करते हुए पाए जाने पर 10 हजार रुपये तक का जुर्माना होगा।
साथ ही पानी का कनेक्शन भी काट दिया जाएगा। विभाग ने पानी की बर्बादी करने वालों के साथ साथ उन अलॉटियों के खिलाफ भी कार्रवाई करने का फैसला किया है, जो अलॉटी पानी की लाइन पर सीधी मोटर चला रहे हैं।
विभाग का कहना है कि ऐसे अलॉटियों को बिना सूचना दिए ही जुर्माना राशि उनके बिल में जोड़कर भेज दी जाएगी, बल्कि उनका पानी का कनेक्शन भी काटा दिया जाएगा।
हुडा के मुताबिक उन अलॉटियों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा, जो बिना कनेक्शन मंजूर कराए पानी की चोरी कर रहें हैं। इस स्थिति में उनके खिलाफ भी विभाग पाइप लाइन को नुकसान पहुंचाने के लिए आपराधिक केस दर्ज कराया जाएगा।
उधर, विभाग ने उन सभी डिफाल्टर उपभोक्ताओं को एक और मौका दिया है, जिनका पानी और सीवर का बिल काफी समय से बकाया है।
हुडा का कहना है कि ऐसे अलॉटी सात दिन के अंदर अपने पानी व सीवर के बिल की बकाया राशि जमा करा दें, अन्यथा बिना किसी सूचना के उनका पानी और सीवर का कनेक्शन काट दिया जाएगा। साथ ही विभाग उनसे बकाया वसूली के लिए भी कार्रवाई करेगा।
वर्जन
ऐसे अलॉटियों का पता लगाने के लिए हुडा कर्मचारी विशेष गश्त करेंगे। इसके अलावा यदि कोई शिकायत भी उन्हें मिलती है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। पानी की बर्बादी किसी भी सूरत में सहन नहीं की जाएगी। -डीएस नैन, एसडीओ, हुडा