हिसार। जिले में डेंगू मच्छर का छोटा सा डंक खतरनाक साबित होने लगा है। 24 घंटे में 15 नए मरीज सामने आए हैं। इस साल जिले में मरीजों का आंकड़ा 400 पार पहुंच चुका है। पिछले 10 दिन में डेंगू की रफ्तार तेज से बढ़ी है। इस दौरान 194 मरीज मिले। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुभाष खतरेजा ने अधिकारियों को अपने-अपने एरिया में लोगों को जागरूक करने व जलभराव वाले स्थानों पर दवा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए हैं।
डिप्टी सीएमओ डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि नागरिक अस्पताल परिसर में डेंगू मरीजों के लिए अलग से वार्ड बनाया है। स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीमें जहां से केस सामने आ रहे हैं वहां पर दवा का छिड़काव कर रही हैं। इसके अलावा 27 टीमें घर-घर जाकर लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक कर रही हैं। लारवा मिलने पर लोगों को चेतावनी नोटिस दिए जा रहे हैं। शहर के सूर्य नगर, सेक्टर-33, शिव कॉलोनी, मिलगेट में कुछ हिस्सों में अभी भी जलभराव है।
डेंगू के लक्षण
ठंड लगने के साथ अचानक तेज बुखार चढ़ना।
सिर, मांसपेशियों व जोड़ों में दर्द होना।
आंखों के पिछले भाग में दर्द होना।
अत्यधिक कमजोरी लगना और जी मिचलाना।
गले में हल्का सा दर्द होना।
शरीर पर लाल दाने निकल आना।
मरीज मिलने की रफ्तार
तिथि मरीज
11 अक्तूबर 24
12 अक्तूबर 24
13 अक्तूबर 16
14 अक्तूबर 20
15 अक्तूबर 13
16 अक्तूबर 26
17 अक्तूबर 07
18 अक्तूबर 25
19 अक्तूबर 24
20 अक्तूबर 15
यहां मिले मरीज : आजाद नगर, शिव कॉलोनी, बगला, अर्बन एस्टेट टू, सेक्टर-13, मिलगेट, विजय विहार कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सेक्टर-14 और मॉडल टाउन।