हिसार। सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ की आदमपुर और अग्रोहा खंड की संयुक्त बैठक शुक्रवार को हुई। इसमें 28 अक्तूबर को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर आठ नवंबर को पानीपत स्थित राज्य के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के आवास के घेराव की तैयारी की गई।
राज्य उप महासचिव कृष्ण नैन ने बताया कि शिक्षा विभाग अध्यापकों की मांगों और मुद्दों की लगातार अनदेखी कर रहा है। शिक्षक तबादला नीति लक्ष्य पूरा नहीं कर सकी है। पिछले नौ वर्षों से प्राथमिक शिक्षकों का ट्रांसफर ड्राइव नहीं चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार लगातार शिक्षा विरोधी फैसले ले रही है। शिक्षा विभाग में पक्की भर्ती करने के बजाय कौशल विकास के तहत अध्यापकों को लगाया जा रहा है।
जिला प्रधान प्रमोद जांगड़ा और उपप्रधान वीरेंद्र सिंह ने बताया कि अध्यापकों के जिलास्तर पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कई कार्य लंबित हैं। उनका कोई समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे अध्यापक वर्ग में भारी रोष है। अध्यापकों के एसीपी के मामले लटकाए जा रहे हैं। विद्यालयों में अर्धवार्षिक परीक्षा का समय नजदीक है और अध्यापकों की ड्यूटी पराली जलाने से रोकने में लगाई गई है। इस प्रकार अध्यापकों को दैनिक डायरी जैसे गैर शैक्षणिक कार्यों लगाकर उनको छात्रों से दूर किया जा रहा है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए आदमपुर के प्रधान दलबीर भादू और अग्रोहा के प्रधान नरेंद्र कुमार ने बताया कि शिक्षकों की मांगों को पूरा कराने के लिए हर ब्लॉक के सैकड़ों शिक्षक भागीदारी करेंगे।बैठक में जिला ऑडिटर सुभाष जास्ट, कार्यालय सचिव राजेंद्र अग्रोहा, आदमपुर के सचिव लीलू राम, यतेंद्र कस्वां और फकीर चंद आदि पदाधिकारी भी मौजूद रहे।