बैठक करते अखिल भारतीय किसान सभा के सदस्य।
अग्रोहा। अखिल भारतीय किसान सभा ने हिसार, भिवानी, फतेहाबाद और सिरसा जिलों को सूखाग्रस्त घोषित कर फसलों का मुआवजा देने की मांग की है। किसान सभा की जिला कमेटी की बैठक में किसानों की मांगों को लेकर 30 सितंबर को उपायुक्त कार्यालय के घेराव का निर्णय लिया गया। इससे पहले रविवार को संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से सभी विधायकों और सांसद जयप्रकाश को ज्ञापन सौंपा जाएगा। राज्य महासचिव सुमित दलाल ने कहा कि बारिश नहीं होने से बाजरा, मूंग, कपास, ग्वार और धान की फसलें बर्बाद हो गई हैं। उन्होंने फसल पंजीकरण पोर्टल जल्द खोलने और यूरिया व डीएपी की कालाबाजारी रोकने की मांग की। साथ ही सिंचाई के लिए नहरों में दो सप्ताह पानी छोड़ने की मांग की।
किसान सभा ने सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का पूर्ण समर्थन करते हुए किसानों-मजदूरों के कर्ज व ब्याज माफ कर उन्हें कर्ज मुक्त करने, कृषि यंत्रों पर बंद सब्सिडी बहाल करने और सभी फसलों की एमएसपी पर खरीद की कानूनी गारंटी देने की मांग की। इसके अलावा स्मार्ट मीटर योजना रद्द करने और महंगाई पर रोक लगाने की मांग उठाई।
बैठक की अध्यक्षता कपूर सिंह बगला ने की और संचालन सरबत सिंह पूनिया ने किया। शमशेर नंबरदार, दिनेश सिवाच, सतबीर धायल, प्रदीप बूरा, संदीप धीरणवास, अभेराम फौजी, कर्मबीर जलंधरा और सत्यवान रेढू मौजूद रहे।