हिसार। पिछले चार दिन से सक्रिय मानसून के चलते प्रदेश के उत्तरी और एनसीआर जिलों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी उत्तरी व एनसीआर के 12 जिलों में बारिश के आसार हैं। दक्षिणी और मध्यवर्ती जिलों में बारिश नहीं होने के बावजूद बादल छाए रहने की संभावना है। प्रदेश में बारिश के चलते अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जिससे लोगों को उमस से कुछ राहत मिली है।
अगस्त के अंतिम सप्ताह से प्रदेश में मानसून ब्रेक की स्थिति बनी हुई थी। 3 से 5 सितंबर तक मानसून टर्फ प्रदेश पर बनी रही, जिसके चलते कई जिलों में बारिश हुई। शनिवार को अंबाला में 2, महेंद्रगढ़ में 3.5, रोहतक में 1, फरीदाबाद में 12, गुरुग्राम में 23.5, मेवात में 48, पानीपत में 22.5, रेवाड़ी में 1.5 और सोनीपत में 5.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में अधिकतम तापमान 26 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। फरीदाबाद में सर्वाधिक 33.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 6 सितंबर को अंबाला, पानीपत, पंचकूला, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, यमुनानगर और सोनीपत में बारिश की संभावना है। हिसार, सिरसा, महेंद्रगढ़, भिवानी, रेवाड़ी और चरखी-दादरी में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। उन्होंने बताया कि सितंबर में 15 तारीख के आसपास मानसून लौटने लगेगा, इसके बाद बारिश की संभावना कम रहेगी।