हिसार से दिल्ली-गुड़गांव का सफर अब महंगा हो गया है। रोहतक-दिल्ली के बीच रोहद टोल प्लाजा शुरू होते ही रोडवेज प्रशासन ने किराया बढ़ा दिया है।
दिल्ली, गुड़गांव व बहादुरगढ़ के चार रुपये, जबकि सांपला के दो रुपये बढ़ गए हैं। अब दिल्ली का किराया 131 रुपये की बजाय 135 और गुड़गांव का 135 से बढ़कर 139 रुपये प्रति सवारी हो गया है।
मुख्यालय से आदेश आने के बाद स्थानीय रोडवेज प्रशासन ने बढ़ा हुआ किराया वसूलना शुरू कर दिया है।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने रोहतक से दिल्ली के बीच करीब 56 किलोमीटर लंबे नेशनल हाईवे को निजी कंपनी के जरिये फोरलेन कर दिया है। अब इस फोरलेन पर अगले करीब दस साल तक टोल टैक्स वसूला जाएगा।
दिल्ली के लिए रोजाना चार हजार लोग कर रहे सफर
हिसार से दिल्ली के बीच हिसार डिपो की 22 बसें चलती हैं, जबकि अन्य डिपो की कुल मिलाकर 139 बसों का संचालन होता है। इनमें हर रोज करीब 4 हजार यात्री दिल्ली के लिए सफर करते हैं।
अब इन सबकी जेब पर चार रुपये का बोझ बढ़ गया है। इसी तरह गुड़गांव के लिए हिसार डिपो की चार, जबकि अन्य डिपो की 22 बसों में करीब 15 सौ यात्री सफर करते हैं।
बस में अब यह होगा किराया
पहले अब
दिल्ली 131 रुपये 135 रुपये
बहादुरगढ़ 109 रुपये 113 रुपये
गुड़गांव 135 रुपये 139 रुपये
सांपला 95 रुपये 100 रुपये
अन्य वाहनों में भी लगेगा टोल
रोडवेज बसों के अलावा कार, जीप, हलके कॉमर्शियल वाहन, मल्टी एक्सल व्हीकल्स को भी टोल टैक्स चुकाना होगा। सूत्रों के अनुसार हिसार, सिरसा, फतेहाबाद की ओर से रोजाना करीब सात हजार छोटे वाहन दिल्ली और गुड़गांव की ओर जाते हैं, जिसमें कारों की संख्या सबसे ज्यादा रहती है। इसके अलावा टैंपो, जीप, टाटा 407 सहित अन्य वाहन भी माल ले जाने का काम करते हैं।
अभी दो और टोल के लिए भी रहिये तैयार
इस टोल टैक्स के अलावा अभी जनता को दो और टोल टैक्स के लिए भी तैयार रहना होगा। हिसार से रोहतक के बीच 95 किलोमीटर के नेशनल हाईवे को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत फोरलेन किया जा रहा है। यह प्रोजेक्ट 2016 में पूरा होगा, जिसके बाद हिसार रोहतक के बीच दो टोल लगाए जाएंगे। एक टोल हांसी के गांव रामायण, जबकि दूसरा टोल महम के पास लगेगा।
कम से कम आधे घंटे की होगी बचत
टोल टैक्स लगने के साथ सफर करने वालों को कुछ लाभ भी मिलेगा। बेहतर रोड होने के कारण यात्रियों का कम से कम आधे घंटे का समय बचेगा। साथ ही रोडवेज की बसों के मेंटेनेंस में सुधार आएगा।
टोल टैक्स लगने के कारण रोडवेज की बसों पर भार बढ़ गया है। इसके लिए चार से पांच रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी गई है। दिल्ली, गुड़गांव, बहादुरगढ़ का किराया बढ़ा दिया गया है। कंडक्टरों को नए किराये से अवगत करवा दिया है।
- जितेंद्र यादव, ट्रैफिक मैनेजर हिसार डिपो