हिसार। कार्यकारी जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) 43 दिन बीत जाने के बावजूद गैर-मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों की सूची तैयार नहीं कर सके हैं। इस लापरवाही से खफा शिक्षा निदेशालय ने उन्हें अंतिम चेतावनी देते हुए 15 मई तक का समय दिया है। तय समय सीमा में सूची तैयार कर मुख्यालय भेजनी होगी। साथ ही यह जानकारी भी देनी होगी कि कितने स्कूलों पर एफआईआर दर्ज हुई और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर क्या प्रशासनिक कार्रवाई की गई।
नए शैक्षणिक सत्र का एक तिहाई समय बीत चुका है, बावजूद इसके कार्रवाई में देरी से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि कार्यकारी डीईओ रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत नहीं कर पाए, तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सकती है। बता दें कि निदेशालय की ओर से इस कार्य में मदद के लिए डसी-एसपी को भी पत्र लिखा जा चुका है।
अवैध कोचिंग सेंटर व रेमिडियल स्कूलों की भी नहीं बनी लिस्ट
20 दिन पहले निदेशालय ने अस्वीकृत कोचिंग सेंटरों व रेमिडियल स्कूलों की लिस्ट भी तैयार करने के आदेश दिए थे। जिनकी सूची जारी कर सार्वजनिक भी करना था, लेकिन इसमें भी आला अधिकारी फेल साबित हुए। कोचिंग सेंटरों व रेमिडियल स्कूलों की लिस्ट पर तो काम भी शुरू नहीं हो पाया है।
बीईओ को सख्त आदेश दिए जा चुके हैं कि वे गैर-मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों की लिस्ट तैयार कर भेजे। जल्दी ही कार्रवाई को पूरा कर लिया जाएगा। अभी हमारे पास आधी-अधूरी लिस्ट पहुंची है। -
महेंद्र, डिप्टी डीईओ, हिसार