पटेल चौक के आगे सड़क की मरम्मत करते हुए कर्मचारी
हांसी। गोसाईं गेट के समीप निर्माणाधीन सरदार वल्लभ भाई पटेल चौक का निर्माण कार्य एक महीने बाद फिर शुरू हो गया है। चौक बनाने के लिए सड़क का 25 से 30 फीट का हिस्सा तोड़ा गया था जिसकी अब मरम्मत करवाई गई है।
सड़क टूटने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। आगामी दिनों में चौक पर पत्थर लगाने का कार्य शुरू करवाया जाएगा। बता दें कि नगर परिषद की तरफ से करीब दो महीने पहले सरदार वल्लभ भाई पटेल चौक का निर्माण कार्य शुरू करवाया गया था। निर्माण कार्य पर 20 लाख रुपये की लागत आएगी। फिलहाल यहां बीते महीने से चौक का निर्माण रुका हुआ था। मामले में नगर परिषद के अधिकारियों का कहना था कि ठेकेदार के पास श्रमिक नहीं हैं। गेहूं की कटाई के लिए श्रमिक छुट्टी पर चले गए थे।
इसलिए निर्माण कार्य में देरी हो रही थी। अब व्यवस्था होने पर चौक का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। वहीं अधिकारियों ने ठेकेदार को जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए है। यहां पर चौक का ढांचा तैयार है। इस पर अब पत्थर लगाने का काम शुरू किया जाएगा।
चौक का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है। यहां पर पहले सड़क की मरम्मत करवा दी है। जल्द ही चौक का काम पूरा करवा दिया जाएगा।
- मोहित डौंकल, जेई, नगर परिषद