नारनौंद। गांव मिर्चपुर निवासी एक निजी बस के परिचालक लोकेश ने गांव के ही कुछ युवकों पर हमला कर 10 हजार रुपये और मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है। घायल का उपचार एमएएमसी अग्रोहा में चल रहा है। पुलिस ने पांच नामजद व दो अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिर्चपुर चौकी प्रभारी खेता राम के अनुसार, पुलिस को दिए बयान में लोकेश ने बताया कि वह जींद से बरवाला रूट पर चलने वाली जींद निवासी रमेश गोयत की बस पर कार्यरत है। 10 जुलाई को बस बरवाला से सवारियां लेकर करीब 12:40 बजे रवाना हुई थी। दोपहर करीब 1:40 बजे मिर्चपुर से निकलते ही सुमित उर्फ अठा, बिजेंद्र उर्फ कांडा, कालू, हिमांशु, विक्की तथा दो अन्य युवकों ने रॉड, हॉकी और डंडों से लैस होकर बस के आगे आकर उसे रुकवा लिया।
आरोपियों ने उसे बस से नीचे उतारकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। रॉड और डंडों से उसके हाथ, पैर और कमर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसकी जेब से 10 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
जाते समय आरोपी उसे दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। घटना के बाद राहगीरों ने घायल को उसके घर पहुंचाया, जहां से परिजन उसे नागरिक अस्पताल नारनौंद ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे नागरिक अस्पताल हिसार और फिर एमएएमसी अग्रोहा रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है। मेडिकल रिपोर्ट में घायल के शरीर पर कुंद हथियार से लगी 12 चोटें दर्ज की गई हैं।