फोटो कैप्शन घिराय:मिर्जापुर बाईपास रोड की झाड़ियों में मिला 35 वर्षीय युवक रविंद्र का शव, पुलिस
घिराय। मिर्जापुर बाईपास रोड पर रविवार सुबह झाड़ियों में एक 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मिर्जापुर निवासी रविंद्र के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रविवार सुबह राहगीरों ने मिर्जापुर बाईपास रोड स्थित झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मिलगेट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस को मृतक की जेब से आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर उसकी पहचान रविंद्र निवासी मिर्जापुर के रूप में हुई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
प्राथमिक जांच में पुलिस को मृतक के पास से एक पानी की बोतल मिली है। मौके से कोई अन्य संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस के अनुसार शव अधिक पुराना नहीं है और युवक की मौत शनिवार रात या रविवार अलसुबह होने की आशंका है।
मिलगेट चौकी के पीएसआई उपेंद्र ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। प्रथम दृष्टया मामला नशे के सेवन से जुड़ा प्रतीत होता है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।