हिसार। लघु सचिवालय परिसर में ईवीएम मशीनों के लिए बनाए गए वेयर हाउस का मुख्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उपायुक्त महेंद्र पाल ने मंगलवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी पार्टियों से आए हुए प्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों के समक्ष उपायुक्त ने ईवीएम वेयर हाउस में सुरक्षा प्रबंध, पुलिस कर्मियों की तैनाती, सीसीटीवी कैमरा, डबल लॉक सिस्टम, अग्निशमन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने वेयर हाउस की सुरक्षा में तैनात जवानों को पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करने व आस-पास की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम वेयरहाउस निरीक्षण चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को बढ़ावा देता है। यह सुनिश्चित करता है कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी हो। ईवीएम मशीनें बहुत संवेदनशील होती हैं। ईवीएम को सुरक्षित तरीके से रखना आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया जाता है कि मशीनें सुरक्षित और सही तरीके से रखी गई हैं।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन कार्यालय से होशियार सिंह कुंडू, स्नेह कुमार, भाजपा से कृष्ण विश्नोई, बीएसपी से जिला प्रभारी नानक देव व संजय, सीपीआईएम से दिनेश सिवाच सहित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।